केरल में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, हालांकि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राज्य की सियासत तेज हो गई है। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन के दामाद और राज्य के पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास के गढ़ माने जाने वाले बेपोर (Beypore) विधानसभा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। UDF ने इस सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता पीवी अनवर को अपना संभावित उम्मीदवार बनाने का संकेत दिया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
हालांकि यूडीएफ ने अभी तक आधिकारिक उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) अध्यक्ष सनी जोसेफ ने सोमवार को स्पष्ट किया कि पीवी अनवर बेपोर से गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। यह बयान ऐसे समय आया है जब अनवर पिछले कई हफ्तों से इस क्षेत्र में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं और स्थानीय मछुआरों, व्यापारियों और मतदाताओं से संपर्क साध रहे हैं।
कौन हैं पीवी अनवर?
पीवी अनवर पहले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के विधायक रह चुके हैं और मलप्पुरम जिले के निलंबूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने LDF से मतभेदों के चलते इस्तीफा दे दिया और विधानसभा छोड़ दी। इसके बाद वे तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हो गए, जिसे हाल ही में UDF का सहयोगी बनाया गया है।
अनवर ने हाल ही में चालियम बंदरगाह का दौरा किया, जहां उन्होंने मछुआरों और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी उम्मीदवारी तय हो चुकी है, तो उन्होंने साफ जवाब देने से बचते हुए कहा, “किसी न किसी को तो चुनाव लड़ना ही होगा। फैसला बाद में होगा।

CM विजयन के दामाद पर सीधा हमला
पीवी अनवर ने पर्यटन मंत्री और मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन के दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने रियास को बार-बार “दामाद” कहकर निशाना बनाया और आरोप लगाया कि सरकार और सीपीआई(एम) पार्टी एक परिवार के वर्चस्व में फंसी हुई है। अनवर ने कहा, “सरकार और पार्टी पर एक परिवार का नियंत्रण बढ़ता जा रहा है। वे पुराने जमीनी नेताओं को किनारे कर चुके हैं।
आज पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके साथ नहीं हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें रियास से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन वे उनकी कार्यशैली और नीतियों से असहमत हैं।
एलडीएफ की ‘विकास रैली’ पर सवाल
अनवर ने राज्य सरकार की विकास रैली पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर वाकई केरल में विकास हुआ है, तो एलडीएफ को पूरे राज्य में रैली करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने इसे “राजनीतिक दिखावा” और “धोखा” करार दिया। उन्होंने दावा किया कि आम लोग यूडीएफ के प्रति उत्साहित हैं और राज्य में बदलाव चाहते हैं। हालांकि, सीपीआई(एम) और एलडीएफ ने अब तक अनवर के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
बेपोर विधानसभा क्षेत्र को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है क्योंकि यह मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन के परिवार से जुड़े पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में यूडीएफ द्वारा यहां पीवी अनवर को उतारना सीधा मुकाबला खड़ा करता है।










