झारखंड के सरायकेला स्थित दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में रेस्क्यू किया गया नन्हा हाथी ‘बादल’ पर्यटकों का पसंदीदा बन गया है। वन विभाग की देखरेख में वह धीरे-धीरे नए माहौल में ढल रहा है और महावतों से कई करतब सीख रहा है।
सरायकेला: दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में इन दिनों नन्हा हाथी ‘बादल’ पर्यटकों और वनकर्मियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। चाईबासा के पोड़ाहाट जंगल से रेस्क्यू किए गए इस हाथी के बच्चे की देखभाल वन विभाग की टीम और महावत कर रहे हैं। अब वह यहां के माहौल में घुल-मिल चुका है और खेलते-कूदते कई करतब भी सीख रहा है।
पोड़ाहाट जंगल से किया गया था रेस्क्यू
दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में रह रहा नन्हा हाथी ‘बादल’ इन दिनों हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। वन विभाग के अनुसार दिसंबर 2025 में इस हाथी के बच्चे को कोल्हान क्षेत्र के चाईबासा पोड़ाहाट जंगल से रेस्क्यू किया गया था। उस समय उसकी हालत काफी कमजोर बताई गई थी।

रेस्क्यू के बाद उसे चांडिल वन प्राणी आश्रयणी लाया गया, जहां धीरे-धीरे उसकी देखभाल शुरू की गई। अब करीब छह महीने का ‘बादल’ पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है और उसका वजन भी लगातार बढ़ रहा है।
महावतों की देखरेख में सीख रहा नए करतब
वन विभाग ने बादल की देखभाल के लिए दो अनुभवी महावतों को जिम्मेदारी दी है। मुख्य महावत बुद्धू सिंह के अनुसार वे दिन-रात उसकी देखभाल करते हैं। उसे समय पर खाना खिलाने, नहलाने और खेलने तक का पूरा ध्यान रखा जाता है।
भीषण गर्मी के चलते बादल दिन में कई बार पानी में उतरता है। नहाने के बाद वह फुटबॉल से खेलता है और कई मजेदार हरकतें करता है। महावत जब उसे नाम लेकर बुलाते हैं तो वह आवाज निकालकर प्रतिक्रिया भी देता है। उसकी इन शरारतों को देखकर पर्यटक काफी खुश नजर आते हैं।
पर्यटकों के बीच बढ़ा आकर्षण
फिलहाल बादल को माकुलाकोचा चेक नाका स्थित हिरण पार्क में रखा गया है। यहां उसके साथ मादा हाथी ‘रजनी’ भी मौजूद है। दोनों हाथियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक दलमा पहुंच रहे हैं।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बादल अब पूरी तरह यहां के माहौल में ढल चुका है। खासकर बच्चों के बीच वह काफी लोकप्रिय हो गया है। अधिकारी यह भी बता रहे हैं कि उसे प्राकृतिक वातावरण में रखने की कोशिश की जा रही है ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसे जंगल में छोड़ा जा सके।
दलमा आने वाले पर्यटकों के लिए नन्हा हाथी ‘बादल’ अब सेंचुरी का सबसे बड़ा आकर्षण बन चुका है।











