जालोर में युवक की आत्महत्या के डेढ़ महीने बाद सुसाइड नोट मिलने से मामला फिर चर्चा में है। पिता ने प्रेमिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल और मैसेज की जांच कर रही है।
Rajasthan: जालोर जिले के आहोर थाना क्षेत्र के गोदन गांव में रहने वाले 21 वर्षीय सुरेश कुमार ने 29 नवंबर 2025 को अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय घटना के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया था। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग दर्ज कर ली थी और मामला ठंडा पड़ गया था।
लेकिन अब घटना के करीब डेढ़ महीने बाद मृतक के कमरे में रखी अलमारी की सफाई के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिससे पूरा मामला फिर चर्चा में आ गया।
सुसाइड नोट में छलका प्यार और दर्द
सुसाइड नोट में सुरेश ने अपनी प्रेमिका के लिए भावुक शब्द लिखे थे। उसने लिखा कि उसने उसे अपनी पत्नी मान लिया था और उसके साथ भविष्य के कई सपने देखे थे। युवक ने यह भी लिखा कि वह अब किसी और से प्यार नहीं कर पाएगा और हमेशा के लिए अलविदा कह रहा है।
नोट में यह भी जिक्र है कि प्रेमिका से दूरी बढ़ने के कारण वह अंदर ही अंदर टूट चुका था। उसने लिखा कि बात नहीं होने पर वह रात-रात भर रोता रहता था।
रिश्तेदारी में था प्रेम-प्रसंग

परिजनों के अनुसार, सुरेश का करीब 8 से 9 महीने से आहोर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों रिश्तेदार थे, इसलिए परिवार वालों ने उनकी शादी से साफ इनकार कर दिया था।
परिजनों का कहना है कि शादी से मना करने के बाद भी युवती लगातार सुरेश को मैसेज भेजती रही। इस बात को लेकर सुरेश की मां युवती के घर भी गई थीं और उसे समझाया था कि वह बेटे से संपर्क न करे।
जहर की डिब्बी की फोटो से बढ़ा तनाव
मृतक के पिता दूदाराम मेघवाल ने बताया कि 29 नवंबर को युवती ने सुरेश को जहर की डिब्बी की फोटो भेजी थी। साथ में ऐसा संदेश लिखा था, जिससे सुरेश को लगा कि उसकी प्रेमिका आत्महत्या करने जा रही है।
इस मैसेज को पढ़ने के बाद सुरेश काफी घबरा गया और मानसिक रूप से टूट गया। पिता का आरोप है कि इसी तनाव में आकर बेटे ने उसी दिन आत्महत्या कर ली।
पिता ने की कार्रवाई की मांग
सोमवार को सुरेश के पिता सुसाइड नोट लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और युवक की प्रेमिका के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की। उनका कहना है कि प्रेमिका के मैसेज ने बेटे को मानसिक रूप से आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया।
आहोर थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच करवाई जा रही है। युवक का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है और उसमें मौजूद मैसेज की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










