दिल्ली ब्लास्ट में पीड़ित परिवारों के लिए दिल्ली सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, स्थायी रूप से अपंग हुए घायलों को 5 लाख रुपये, और गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
Delhi Blast News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लाल किला के पास हुए दर्दनाक विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर दिया है। मंगलवार शाम करीब 7 बजे, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में भीषण ब्लास्ट हुआ, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान – मृतकों के परिवार को ₹10 लाख का मुआवजा
घटना के कुछ घंटों बाद ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट जारी कर मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है और सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। सीएम रेखा गुप्ता ने लिखा:
'दिल्ली में हुई यह घटना बेहद दर्दनाक है। हमारी संवेदनाएँ उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। इस मुश्किल घड़ी में दिल्ली सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।'
सरकार द्वारा घोषित मुआवजा इस प्रकार है:

- मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख रुपये
- स्थायी रूप से विकलांग हुए लोगों को ₹5 लाख रुपये
- गंभीर रूप से घायलों को ₹2 लाख रुपये
इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने सभी घायलों के मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज की भी पूरी जिम्मेदारी लेने की घोषणा की है।
CM रेखा गुप्ता का बयान – दिल्ली की शांति और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस हादसे से पूरा शहर सदमे में है, लेकिन प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। उन्होंने आगे लिखा, दिल्ली की शांति और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन हर पीड़ित और उनके परिवार के साथ खड़ा है। हमारी कोशिश है कि किसी भी घायल को इलाज में कोई कमी न हो और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए। सीएम ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि घटना की पूरी जांच जल्द से जल्द की जाए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
कैसे हुआ लाल किला ब्लास्ट?
पुलिस और फॉरेंसिक टीमों के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजे, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से चल रही एक कार में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और सड़क पर अफरातफरी मच गई. प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि विस्फोट कार के ईंधन सिस्टम या किसी बाहरी विस्फोटक उपकरण से हुआ हो सकता है।
हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आतंकी लिंक की पुष्टि नहीं की है। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और घटनास्थल से नमूने जुटा रही हैं।











