देव दीपावली 2026: UPSTDC का ‘दिव्य काशी अनुभव’ टूर पैकेज लॉन्च, ₹15,999 से शुरू होगी कीमत

देव दीपावली 2026 पर UPSTDC का दिव्य काशी अनुभव पैकेज ₹15,999 से शुरू। गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ और बोट राइड का आनंद लें।

देव दीपावली 2026 के लिए यूपीएसटीडीसी ने चार दिन और तीन रात का ‘दिव्य काशी अनुभव’ टूर पैकेज तैयार किया है। इसमें गंगा आरती, काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण और विशेष बोट राइड शामिल हैं। पर्यटक बजट, डीलक्स और प्रीमियम श्रेणियों में से विकल्प चुन सकेंगे।

लखनऊ: देव दीपावली 2026 पर वाराणसी के जगमगाते घाटों और काशी की आध्यात्मिक विरासत का अनुभव करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने विशेष टूर पैकेज तैयार किया है। ‘देव दीपावली-दिव्य काशी अनुभव’ नाम का यह पैकेज चार दिन और तीन रात का होगा। इसमें गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण और देव दीपावली स्पेशल बोट राइड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार पैकेज चुन सकेंगे।

देव दीपावली 2026 के लिए UPSTDC का विशेष टूर पैकेज

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने देव दीपावली 2026 के अवसर पर वाराणसी आने वाले पर्यटकों के लिए ‘दिव्य काशी अनुभव’ टूर पैकेज तैयार किया है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को काशी की धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और गंगा घाटों पर आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव का अनुभव एक ही यात्रा में उपलब्ध कराना है।

देव दीपावली 2026: UPSTDC का ‘दिव्य काशी अनुभव’ टूर पैकेज लॉन्च, ₹15,999 से शुरू होगी कीमत

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, इस पैकेज के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक काशी की प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को करीब से जान सकेंगे। देव दीपावली के दौरान गंगा घाटों पर जलते असंख्य दीप, मंदिरों की सजावट, गंगा आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस आयोजन को खास बनाती हैं।

गंगा आरती और मंदिर दर्शन से शुरू होगी यात्रा

चार दिन और तीन रात के इस पैकेज के पहले दिन पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने पर एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद होटल में चेक-इन की व्यवस्था होगी। शाम को पर्यटक काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन कर सकेंगे और गंगा आरती का अनुभव प्राप्त करेंगे।

दूसरे दिन सुबह गंगा बोट राइड के साथ काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इनमें काशी विश्वनाथ मंदिर, विशालाक्षी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर शामिल हैं। इसके बाद पर्यटकों को सारनाथ ले जाया जाएगा, जहां वे क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत से परिचित हो सकेंगे। यात्रा में हेरिटेज वॉक और काशी के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव भी शामिल हैं।

देव दीपावली पर स्पेशल बोट राइड होगा खास आकर्षण

इस यात्रा का तीसरा दिन देव दीपावली उत्सव के लिए विशेष रूप से निर्धारित किया गया है। इस दौरान पर्यटकों को दीपों से जगमगाते गंगा घाटों, भव्य सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने का अवसर मिलेगा।

पैकेज में शामिल ‘देव दीपावली गंगा बोट एक्सपीरियंस’ पर्यटकों को नौका से घाटों की रोशनी और उत्सव की भव्यता देखने का अवसर देगा। गंगा की लहरों के बीच से जगमगाते घाटों का नजारा इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण होगा। पर्यटक मंदिरों के दर्शन के साथ देव दीपावली की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव भी कर सकेंगे।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध है टूर पैकेज

यूपीएसटीडीसी ने पर्यटकों की जरूरतों और बजट को ध्यान में रखते हुए इस पैकेज को बजट, डीलक्स और प्रीमियम श्रेणियों में तैयार किया है। बजट पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति 15,999 रुपये, डीलक्स पैकेज के लिए 21,999 रुपये और प्रीमियम पैकेज के लिए 31,999 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। ये दरें ट्विन शेयरिंग के आधार पर हैं और इन पर जीएसटी अतिरिक्त लगेगा।

बजट श्रेणी में स्टैंडर्ड होटल, डीलक्स श्रेणी में 3-स्टार होटल और प्रीमियम श्रेणी में 4 या 5-स्टार होटल की व्यवस्था होगी। पैकेज में तीन रातों का आवास, रोजाना नाश्ता, एसी ट्रांसपोर्टेशन, देव दीपावली स्पेशल बोट राइड, सुबह की गंगा बोट राइड, गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण और टूर एस्कॉर्ट या प्रतिनिधि की सुविधा शामिल है।

वेबसाइट और फोन से करा सकते हैं बुकिंग

‘देव दीपावली-दिव्य काशी अनुभव’ पैकेज में रुचि रखने वाले पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बुकिंग के लिए 8303019844 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि देव दीपावली काशी की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक वैभव का महत्वपूर्ण उत्सव है। इस विशेष टूर पैकेज के जरिए पर्यटकों को घाटों की भव्यता के साथ काशी की आध्यात्मिक अनुभूति उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर यात्रा सुविधाएं देना और काशी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Leave a comment