विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रणबाली’ को लेकर व्यस्त हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान दोनों ने फिल्म ‘धुरंधर’ के म्यूजिक की जमकर तारीफ की और बताया कि उन्हें इसके गाने काफी पसंद आए हैं।
Dhurandhar Music: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर' का असर सिर्फ हिंदी दर्शकों तक सीमित नहीं है। फिल्म के म्यूजिक को लेकर दक्षिण भारत में भी लोगों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अभिनेता विजय देवरकोंडा ने एक बातचीत के दौरान बताया कि दक्षिण भारत के कई जिम में इन दिनों 'धुरंधर' के गाने लगातार सुनाई देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद अलग-अलग तरह के इंडिपेंडेंट म्यूजिक को सुनना पसंद करते हैं।
साउथ के जिम में बज रहे 'धुरंधर' के गाने
विजय देवरकोंडा हाल ही में पॉडकास्टर शुभंकर मिश्रा के साथ बातचीत में शामिल हुए थे। इस दौरान उनसे पूछा गया कि दक्षिण भारत में इन दिनों हिंदी फिल्मों के कौन से गाने लोकप्रिय हो रहे हैं। सवाल सुनते ही विजय ने 'धुरंधर' के म्यूजिक का जिक्र किया। अभिनेता ने बताया कि फिल्म का साउंडट्रैक दक्षिण भारत के जिम में काफी पसंद किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कई जिम में 'धुरंधर' के गाने नॉन-स्टॉप बजते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म का संगीत भाषाई सीमाओं को पार कर दक्षिण भारतीय दर्शकों के बीच भी अपनी जगह बना रहा है।
जब विजय से पूछा गया कि फिल्म का कौन सा गाना सबसे ज्यादा सुनाई देता है, तो वह तुरंत गाने का नाम याद नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने बातचीत कर रहे शुभंकर मिश्रा से गाना गुनगुनाने के लिए कहा। विजय ने इसी दौरान यह भी बताया कि वह सिर्फ फिल्मों के संगीत तक सीमित नहीं रहते, बल्कि स्वतंत्र रूप से रिलीज होने वाले कई गाने भी सुनना पसंद करते हैं।

विजय और रश्मिका की 'रणबाली' पर नजर
विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी आगामी तेलुगु फिल्म 'रणबाली' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के साथ नजर आएंगे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने पहले भी काफी पसंद किया है और अब एक बार फिर दोनों को बड़े पर्दे पर साथ देखने को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। 'रणबाली' एक पीरियड ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी ब्रिटिश शासन के दौर की पृष्ठभूमि में तैयार की गई है। फिल्म की कहानी 1854 से 1878 के बीच के समय को आधार बनाती है और रायलसीमा क्षेत्र से जुड़े कुछ कम चर्चित किस्सों से प्रेरित काल्पनिक कथा पेश करती है।
फिल्म में विजय देवरकोंडा सिंगनामला बोब्बिली रणबाली की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रश्मिका मंदाना जयम्मा के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है।











