‘धुरंधर’ के सुपरहिट गाने ‘शरारत’ की ऐतिहासिक सफलता पर आयशा खान का इमोशनल नोट, कहा- ‘मैं राज करने आई हूं’

‘धुरंधर’ के सुपरहिट गाने ‘शरारत’ की ऐतिहासिक सफलता पर आयशा खान का इमोशनल नोट, कहा- ‘मैं राज करने आई हूं’

आदित्य धर निर्देशित मेगा बजट फिल्म ‘धुरंधर’ न केवल बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है, बल्कि इसके गाने भी दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। खासतौर पर फिल्म का आइटम नंबर ‘शरारत’ जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल कर चुका है।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिलने के बाद इससे जुड़े सभी कलाकार खुशी से झूम उठे हैं। फिल्म का गाना ‘शरारत’ भी दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है। आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा पर फिल्माए गए इस गाने ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए यूट्यूब पर 100 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। इस खास मौके पर 4 जनवरी, रविवार को आयशा खान ने जश्न मनाते हुए एक वीडियो शेयर किया और इसके साथ एक भावुक कैप्शन भी लिखा।

‘शरारत’ की ऐतिहासिक सफलता पर आयशा खान की खुशी

4 जनवरी को आयशा खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह थिएटर में बड़े पर्दे पर खुद को ‘शरारत’ गाने में देखती नजर आ रही हैं। वीडियो के साथ उन्होंने एक लंबा और इमोशनल कैप्शन लिखा। आयशा ने लिखा कि दर्शकों से भरे थिएटर में खुद को स्क्रीन पर देखना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।

उन्होंने लिखा,100 मिलियन व्यूज!!! दर्शकों से खचाखच भरे थिएटर में खुद को बड़े पर्दे पर देखना वाकई एक शानदार अनुभव था। ‘शरारत’ के लिए मुझे जो प्यार मिला है, वह शब्दों से परे है।

‘मैं राज करने आई हूं’ – आयशा खान का आत्मविश्वासी बयान

आयशा खान ने इस सफलता का श्रेय फिल्म की कास्टिंग टीम और निर्देशक को भी दिया। उन्होंने कास्टिंग छाबड़ा और आदित्य धर का आभार जताते हुए कहा कि उनके भरोसे और विजन ने ही उन्हें यह मौका दिलाया। आयशा ने आदित्य धर को “विजनरी मैन” बताते हुए कहा कि वह ऐसे फिल्ममेकर हैं जो कलाकारों की काबिलियत पर भरोसा करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने का मंच देते हैं।

अपने इमोशनल नोट में आयशा खान का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा रहा उनका यह बयान, मैं अपने दर्शकों से वादा करती हूं कि मैं राज करने आई हूं, और मुझे कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने साफ किया कि यह बयान घमंड से नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और अपने काम पर विश्वास से आता है। आयशा ने लिखा कि उन्हें अपने हुनर और ईश्वर पर पूरा भरोसा है और वह जानती हैं कि एक दिन उन्हें वह सब कुछ जरूर मिलेगा, जिसके लिए उन्होंने मेहनत और प्रार्थना की है।

परिवार और सपोर्ट सिस्टम के लिए जताया आभार

आयशा खान ने अपने परिवार और करीबी लोगों को अपनी “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने सर्वेश शशि और शाहबाज खान का विशेष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि उनके बिना वह आज यहां तक नहीं पहुंच पातीं। यह हिस्सा आयशा के व्यक्तित्व की संवेदनशील और जमीन से जुड़ी छवि को दर्शाता है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।

‘शरारत’ गाना फिल्म के एक भव्य वेडिंग फंक्शन पर आधारित है, जहां कहानी एक अहम मोड़ लेती है। गाने में आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा कराची में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल सेलिब्रेशन में डांसर की भूमिका निभाती नजर आती हैं। इस गाने का संगीत शशवत सचदेव ने दिया है, जबकि इसे मधुबंती बागची और जैस्मीन सैंडलस ने अपनी दमदार आवाज दी है। कोरियोग्राफी विजय गांगुली की है, जिसने गाने को विजुअली बेहद आकर्षक बना दिया है।

Leave a comment