देश में ठंड का मौसम अब चरम पर पहुंच गया है। रात और सुबह के समय तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को शीतलहर और कोहरे का सामना करना पड़ रहा है।
Weather Forecast: हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने देश के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है। राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। बाइक या साइकिल चलाते समय तेज ठंडी हवा कानों में लगकर लोगों को परेशान कर रही है। इसके साथ ही दिल्ली में कोहरे का प्रकोप भी जारी है, जिससे सुबह और शाम 100 मीटर दूर तक भी देख पाना मुश्किल हो जाता है।
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत ज्यादातर मैदानी राज्यों में सर्दी ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी है। इस ठंड के बीच जानना जरूरी है कि आपके राज्य या शहर में कल मौसम कैसा रहेगा, ताकि आप पहले से तैयारी कर ठंड से बचाव कर सकें।
दिल्ली-NCR में मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 20–21 दिसंबर के दौरान मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा। सफदरजंग और पालम हवाई अड्डे पर दृश्यता 100 मीटर तक गिरने की संभावना है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। आईएमडी ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है।
- न्यूनतम तापमान: 7°C
- कड़ाके की ठंड: सुबह और शाम को तापमान में गिरावट
- AQI: दिल्ली के 15 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से अधिक दर्ज किया जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक माना गया है।
वहीँ बाइक और साइकिल चलाते समय तेज हवाओं से लोगों को ठंड और परेशानी दोनों का सामना करना पड़ सकता है। सुबह और शाम के समय दृश्यता कम होने से विशेष सावधानी की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश में मौसम
उत्तर प्रदेश में ठंड और शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की संभावना है। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में शीत लहर का अलर्ट भी जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट जारी जिलों में शामिल हैं: आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलन्दशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली।
यूपी में आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। सुबह-सुबह कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम होने से वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
![]()
राजस्थान में मौसम
राजस्थान में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। 20 से 22 दिसंबर के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1–3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में फिर से 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
23 और 24 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे वाहन चलाने और यात्रा करने वालों को सावधान रहना होगा।
उत्तराखंड और पड़ोसी राज्यों में मौसम
उत्तराखंड के हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिले में भी ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा पंजाब के अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला और संगरूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वाहन चलाते समय कोहरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली गुल होने की संभावना भी जताई गई है। आईएमडी के अनुसार, कोहरे की तीव्रता के अनुसार इसे इस प्रकार वर्गीकृत किया गया है:
- बहुत घना कोहरा: दृश्यता 0–50 मीटर
- घना कोहरा: दृश्यता 51–200 मीटर
- मध्यम कोहरा: दृश्यता 201–500 मीटर
- हल्का कोहरा: दृश्यता 501–1,000 मीटर
अन्य राज्यों का मौसम
- बिहार और मध्य प्रदेश: घना कोहरा और ठंड के साथ विजिबिलिटी में कमी
- जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश: 20–22 दिसंबर के दौरान हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना, 21 दिसंबर को कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी
- पंजाब और हरियाणा: घना कोहरा, सड़कों पर यात्रा करते समय सावधानी आवश्यक
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का दौर जारी रहेगा। दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट, यूपी और उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट, और राजस्थान के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड के बीच नागरिकों को आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।










