देश के कई हिस्सों में इस सप्ताह मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहेगा। राजधानी दिल्ली में आंशिक बादलों के साथ हल्की धुंध का असर देखने को मिलेगा, वहीं उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, असम और मेघालय में घना कोहरा और शीतलहर के थपेड़े पड़ने की संभावना है।
Weather Update: देश में इस बार मौसम का मिजाज थोड़ा अलग दिखाई दे रहा है। सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं दोपहर में गर्मी का अहसास होने लगा है। ऐसे में वीकेंड के मौके पर कई लोग छोटी ट्रिप की योजना बना रहे हैं, लेकिन उनके मन में यह टेंशन भी बनी हुई है कि कहीं मौसम बिगड़ न जाए और उनका ट्रिप का प्लान प्रभावित न हो। ऐसे सभी सवालों के जवाब जानने के लिए जानना जरूरी है कि दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब-हरियाणा और उत्तराखंड में मौसम का हाल कैसा रहेगा।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कोहरे का असर
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार, 13 दिसंबर को मौसम आंशिक रूप से बादलों के साथ ठंडा रहेगा। सुबह और शाम के समय हल्की धुंध छाई रहेगी, जिससे दृश्यता कम रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
धुंध के कारण सुबह के समय सूर्योदय का दृश्य थोड़ी देर में दिखाई दे सकता है। ऐसे में फोटोशूट या आउटडोर गतिविधियों की योजना बनाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। उत्तर प्रदेश में 13 से 15 दिसंबर के बीच पश्चिमी हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं पूर्वी यूपी में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कहा कि विशेष रूप से सड़क यात्रा के दौरान वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्क रहने की आवश्यकता है।
अधिकतम तापमान लगभग 22-24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके चलते सुबह और शाम की समयावधि में दृष्टि बाधित हो सकती है।

पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में शीतलहर
आईएमडी के अनुसार 13 और 14 दिसंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में शीतलहर चलने की संभावना है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने के साथ-साथ न्यूनतम तापमान काफी कम रहने की उम्मीद है। शीतलहर के चलते इन राज्यों में सुबह का तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अत्यधिक ठंड में बाहर जाने से बचने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने बिहार के पटना, भागलपुर, पूर्णिया, गया और आरा सहित कई हिस्सों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। सुबह और शाम के समय सड़क पर धुंध के कारण दृश्यता कम रहेगी, जिससे सड़क यात्रा में जोखिम बढ़ सकता है। साथ ही असम और मेघालय में 13 और 14 दिसंबर को शीतलहर चलने और घने कोहरे का असर रहने की संभावना जताई गई है। स्थानीय प्रशासन ने वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।










