बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा देओल और उनके पति भरत तख्तानी पिछले साल फरवरी 2024 में अलग हो गए थे। ईशा ने भरत पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाते हुए तलाक लिया था, जिसने उस वक्त खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
एंटरटेनमेंट: बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा देओल और उनके पूर्व पति भरत तख्तानी एक बार फिर चर्चा में हैं। फरवरी 2024 में तलाक के बाद पहली बार दोनों को एक साथ देखा गया, वो भी उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा आरती करते हुए। सोशल मीडिया पर इनकी तस्वीरें इतनी तेजी से वायरल हुईं कि लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं — क्या ईशा और भरत फिर से एक हो रहे हैं?
दरअसल, ईशा देओल और भरत तख्तानी हाल ही में परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश पहुंचे, जहां इन्होंने मां गंगा की भव्य आरती में भाग लिया। उनके साथ पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी और साध्वी भगवती सरस्वती जी भी मौजूद थे। दोनों ने न सिर्फ आरती की बल्कि एक साथ पौधा भी लगाया और माथे पर चंदन तिलक लगवाया।
क्यों चर्चा में है तस्वीर?
इन तस्वीरों में सबसे ज्यादा नजरें पांचवीं तस्वीर पर टिक गईं। इस फोटो में स्वामीजी ने ईशा और भरत को एक ही माला पहनाई और दोनों को एक साथ आशीर्वाद दिया। फोटो में दोनों मुस्कुराते और सुकून में दिख रहे हैं। इसे देखकर फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि क्या दोनों के बीच दूरियां कम हो रही हैं? फरवरी 2024 में ईशा देओल ने भरत तख्तानी से तलाक लेने की घोषणा की थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईशा ने उन पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया था, जिसके चलते दोनों ने अलग होने का फैसला किया था। उनके दो बेटियां भी हैं, जिनकी कस्टडी को लेकर काफी चर्चाएं हुई थीं।
एयरपोर्ट पर भी आए थे साथ नजर
कुछ समय पहले ईशा और भरत को मुंबई एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया था, लेकिन तब किसी को अंदाजा नहीं था कि दोनों कहां जा रहे हैं। अब जबकि उनकी ऋषिकेश की तस्वीरें सामने आई हैं, तो माना जा रहा है कि दोनों एक साथ आध्यात्मिक यात्रा पर गए थे। फैंस की उत्सुकता का सबसे बड़ा कारण यह है कि तलाक के बाद किसी कपल को यूं एक साथ देखना लोगों को हैरान कर देता है। जिस तरह से दोनों ने एक ही माला पहनी, साथ में आरती की और मुस्कुराते हुए नजर आए, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद दोनों अपने रिश्ते को एक और मौका देने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि, इस पर ईशा या भरत की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन परमार्थ निकेतन में जिस शांति और श्रद्धा के साथ दोनों ने पूजा की, उससे यही लग रहा है कि दोनों में आपसी समझ बेहतर होने लगी है।
फैंस कर रहे दुआ
ईशा और भरत की ये फोटोज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। कोई कह रहा है —
ईश्वर ने चाहा तो दोनों फिर एक हो जाएंगे, बच्चों की खातिर दोनों को साथ आना चाहिए। दरअसल, इनकी बेटियां भी बहुत छोटी हैं, ऐसे में लोग उम्मीद कर रहे हैं कि दोनों अपने बच्चों की खुशी के लिए एक बार फिर से परिवार को एकजुट करेंगे।
गौरतलब है कि परमार्थ निकेतन पहले भी कई बॉलीवुड सितारों की आस्था का केंद्र रहा है। हाल ही में बोनी कपूर और अनिल कपूर भी यहां पहुंचे थे और मां गंगा की आरती की थी। अब ईशा और भरत का वहां जाना यह साबित करता है कि तनाव भरी जिंदगी में सेलिब्रिटी भी शांति और सुकून के लिए आध्यात्मिक स्थलों का रुख करते हैं।