एक कोड से प्रभावित हो सकता है अकाउंट, जानें सरकार की नई चेतावनी

एक कोड से प्रभावित हो सकता है अकाउंट, जानें सरकार की नई चेतावनी

भारत सरकार ने मोबाइल यूजर्स को USSD कॉल फ़ॉरवर्डिंग स्कैम के खतरे से आगाह किया है। इस फ्रॉड में अपराधी यूजर्स को 21, 61 या 67 जैसे कोड डायल करने के लिए कहकर बैंक कॉल, OTP और वेरिफिकेशन कॉल अपने पास फॉरवर्ड कर लेते हैं। सावधानी और समय पर रिपोर्टिंग से नुकसान से बचा जा सकता है।

USSD Call Forwarding Scam: भारत में गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने मोबाइल यूजर्स को USSD आधारित कॉल फ़ॉरवर्डिंग स्कैम के बारे में चेतावनी दी है। इस स्कैम में अपराधी खुद को कूरियर एजेंट बताकर 21, 61 या 67 से शुरू होने वाले कोड डायल करने के लिए कहते हैं, जिससे बैंक कॉल, OTP और व्हाट्सएप वेरिफिकेशन सीधे ठग के पास चले जाते हैं। यूजर्स को संदिग्ध लिंक या कोड से बचना चाहिए और समस्या होने पर तुरंत 1930 या www.cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करनी चाहिए।

USSD क्या है और क्यों बन रहा खतरा

USSD यानी Unstructured Supplementary Service Data एक मोबाइल कोड होता है, जिसमें * और # का इस्तेमाल होता है। इसका सामान्य तौर पर नेटवर्क सेवाओं को बिना इंटरनेट एक्सेस करने के लिए प्रयोग किया जाता है। साइबर अपराधी इसी तकनीक का गलत फायदा उठाकर यूजर की कॉल्स सीधे अपने नंबर पर फॉरवर्ड कर लेते हैं।

यह स्कैम आम यूजर्स को भ्रमित करने के लिए बनाया गया है। अपराधी पार्सल या डिलीवरी रीशेड्यूल करने का बहाना बनाते हैं और 21 से शुरू होने वाले कोड को डायल करने के लिए कहकर फोन की कॉल फ़ॉरवर्डिंग चालू कर देते हैं। इसके बाद बैंक, WhatsApp और Telegram वेरिफिकेशन कॉल ठग तक सीधे पहुंच जाती हैं।

सुरक्षित रहने के उपाय

सरकार ने कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर 21, 61, 67 या ऐसे किसी USSD कोड को कभी डायल न करें। अगर गलती से कॉल फ़ॉरवर्डिंग चालू हो गई हो, तो तुरंत ##002# डायल करें। किसी भी संदिग्ध SMS, ईमेल या लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी पार्सल या कूरियर संबंधी जानकारी के लिए सीधे कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से संपर्क करें।

स्कैम होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर रिपोर्ट करने से संभावित नुकसान को रोका या कम किया जा सकता है।

Leave a comment