कन्नौज में पानीपत से बिहार जा रही स्लीपर बस में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी 50 यात्री सुरक्षित रहे। फायर ब्रिगेड ने दो घंटे में आग पर काबू पाया और बस को हटवाया गया।
Uttar pradesh: मंगलवार रात करीब 11 बजे कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पानीपत से बिहार जा रही स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। बस टोल प्लाजा के पास पहुंची ही थी कि इंजन के पास से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं पूरे बस में फैल गया और आग की लपटें भड़क उठीं। धुएं से घुटन महसूस होते ही सो रहे यात्री जाग गए और चीख-पुकार मच गई।
बस चालक ने तुरंत बस सड़क किनारे रोक दी और यात्रियों को बाहर निकलने के लिए कहा। इसके बाद यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने भी मदद की और पुलिस को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की मशक्कत और कारण

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य तक पहुँचाया गया।
प्रारंभिक जांच में आग के कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। बस को एक्सप्रेस-वे से हटवा कर रास्ता साफ करवाया गया। फिलहाल ड्राइवर और कंडक्टर का कोई पता नहीं चला है। जांच जारी है कि बस किस ट्रैवल एजेंसी की थी।
एक्सप्रेस-वे पर दूसरा हादसा
कन्नौज में बुधवार सुबह एक्सप्रेस-वे पर एक और हादसा हुआ। घने कोहरे के कारण एक कार बस से टकरा गई और उसमें आग लग गई। हादसे के बावजूद कार सवार दोनों लोग सुरक्षित रहे।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कार को रिकवरी क्रेन की मदद से टोल प्लाजा पर खड़ा कराया गया। कार चालक दिनेश और उनके साथी अरविंद को बाद में रोडवेज बस से लखनऊ भेजा गया।









