एमपी सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के शहरी विकास और नगर प्रशासन पर दिए गए बयान ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। भोपाल में आयोजित शहरी विकास की एक क्षेत्रीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि पूर्व में कई घोषणाएं राजनीतिक मजबूरियों के चलते की गई थीं।
Kailash Vijayvargiya: मध्य प्रदेश की राजनीति में शहरी विकास और नगर प्रशासन को लेकर हाल ही में आए बयान ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। राज्य के शहरी विकास और नगर प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भोपाल में आयोजित एक क्षेत्रीय समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट कहा कि पूर्व में कई योजनाओं और घोषणाओं को राजनीतिक मजबूरियों के चलते किया गया था, लेकिन अब उन पर काम करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
मंत्री ने किए शहरी विकास की चुनौतियों का खुलासे
कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक में कहा कि मध्य प्रदेश में शहरीकरण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है और इसके साथ ही नागरिक सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने संकेत दिया कि सड़कों, जलप्रदाय, सीवरेज, आवास और ट्रैफिक जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।हालांकि मंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि राज्य के संसाधनों से सभी योजनाओं को समय पर पूरा करना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा कि कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने और समय पर पूरा करने के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त वित्तीय सहायता की आवश्यकता है। उनके इस बयान को राजनीतिक विश्लेषक योजनाओं की गति, बजट की कमी और प्रशासनिक चुनौतियों के संदर्भ में देख रहे हैं।

कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना
मंत्री के बयान के बाद विपक्ष ने सरकार पर सीधे हमले शुरू कर दिए। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने कहा कि बीजेपी सरकार बड़े-बड़े वादे और घोषणाओं के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन अब जनता से किए गए वादों को पूरा करने में असमर्थ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “मोदी की गारंटी पर अब सवाल उठना स्वाभाविक है। मंत्री के बयान से स्पष्ट है कि राज्य सरकार बुनियादी सुविधाओं के वितरण में पिछड़ रही है। चुनाव में किए गए वादों और अब की वास्तविकता के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।”
कांग्रेस ने इसे शहरी विकास योजनाओं की धीमी गति और बजट की कमी का प्रमाण भी बताया। उनका कहना है कि जनता ने उम्मीदें लगाई थीं, लेकिन वास्तविकता निराशाजनक है।
बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया
बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताया। पार्टी प्रवक्ता अजय यादव ने कहा कि कांग्रेस बस राजनीति कर रही है और विकास के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में कोई भी जनकल्याणकारी योजना बंद नहीं हुई है और केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर योजनाओं को समय पर लागू करने में जुटी हुई हैं।
अजय यादव ने कांग्रेस को अपने कार्यकाल की “बंटाधार सरकार” याद दिलाते हुए कहा कि विकास और बजट प्रबंधन पर राजनीति करने की बजाय सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।










