जयपुर के बजाज नगर इलाके में कोचिंग छात्रा निशा मीणा ने पीजी हॉस्टल में फंदा लगाकर जान दे दी। वह एक महीने पहले बहन के साथ रहने आई थी। पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
Jaipur: जयपुर में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कोचिंग की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बजाज नगर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा स्थित बसंत विहार कॉलोनी के एक पीजी हॉस्टल में रहने वाली निशा मीणा (20) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, निशा मूल रूप से करौली जिले के टोडाभीम की रहने वाली थी। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जयपुर आई थी और यहां अपनी बड़ी बहन के साथ पीजी हॉस्टल में रह रही थी। दोनों बहनें मिलकर पढ़ाई कर रही थीं और भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें थीं।
बहन के बाहर जाते ही की आत्महत्या
रविवार दोपहर के समय निशा की बहन किसी जरूरी काम से पीजी से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान निशा कमरे में अकेली थी। जब बहन दोपहर करीब डेढ़ बजे वापस लौटी, तो कमरे का गेट अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
शंका होने पर हॉस्टल संचालक को सूचना दी गई। इसके बाद बजाज नगर थाना पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। निशा कमरे में फंदे से लटकी हुई थी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने तत्काल शव को फंदे से नीचे उतारकर मौके का मुआयना किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी भेजा गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने पर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों और छात्रा के परिचितों से बातचीत कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निशा किसी मानसिक दबाव या परेशानी से गुजर रही थी या नहीं।








