क्रिकेट की दुनिया में एशेज 2025 के आगाज से पहले ही रोमांच बढ़ गया है। एशेज 2025 का पहला टेस्ट मुकाबला 21 नवंबर से पर्थ में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंग्लैंड क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पर्थ पहुंच चुकी है, जहां 21 नवंबर से एशेज 2025 का आगाज होगा। इस मैच में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जबरदस्त टक्कर की उम्मीद है। इंग्लैंड की ओर से जो रूट बल्ले से कमाल दिखाने उतरेंगे, वहीं मेजबान ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ पर भी सभी की निगाहें टिकी होंगी। दोनों स्टार बल्लेबाजों के पास कई बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा, लेकिन स्टीव स्मिथ के निशाने पर ऐसा एक रिकॉर्ड है, जो 95 सालों से कायम है।
स्टीव स्मिथ के लिए खास मौका
स्टीव स्मिथ का एशेज में प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। उन्होंने 37 टेस्ट मैचों में 66 पारियों में 3417 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं। स्मिथ अगर पर्थ टेस्ट में 220 या उससे अधिक रन बनाने में सफल हो जाते हैं, तो वह इंग्लैंड के महान बल्लेबाज जैक हॉब्स को पीछे छोड़ देंगे और एशेज के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।
जैक हॉब्स ने 1908 से 1930 के बीच एशेज में 41 टेस्ट मैचों की 71 पारियों में कुल 3636 रन बनाए थे। इसके साथ ही उनके बल्ले से 12 शतक और 15 अर्धशतक भी आए थे। ऐसे में स्मिथ के लिए यह मौका बेहद खास है, क्योंकि 95 साल से हॉब्स जिस नंबर-2 की कुर्सी पर विराजमान हैं, वह अब बदलने वाली है।

पहले टेस्ट में न बने तो पूरी सीरीज में हासिल कर लेंगे
स्मिथ को यदि पर्थ टेस्ट में यह कारनामा नहीं कर पाते हैं, तो चिंता की कोई बात नहीं। एशेज 2025 में कुल 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इस सीरीज में स्मिथ को हॉब्स को पीछे छोड़ने के लिए कुल 10 पारियां मिलेंगी। मतलब स्टार बल्लेबाज को यह मुकाम हासिल करने में कोई बड़ी मुश्किल नहीं होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि स्मिथ के अनुभव और लगातार रन बनाने की क्षमता को देखते हुए वह एशेज में दूसरे स्थान पर कब्जा करने के लगभग पक्के हैं। एशेज के अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज इस प्रकार हैं:
- सर डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) – 5028 रन
- जैक हॉब्स (इंग्लैंड) – 3636 रन
- स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) – 3417 रन
- एलन बॉर्डर (ऑस्ट्रेलिया) – 3222 रन
- स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया) – 3173 रन
- डेविड गॉवर (इंग्लैंड) – 3037 रन
स्मिथ का यह रिकॉर्ड न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि ऑस्ट्रेलिया की टीम के लिए भी आत्मविश्वास बढ़ाने वाला साबित होगा।








