गोरखपुर - शहर में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए शासन ने 126 करोड़ रुपये की ड्रेनेज परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत गुलरिहा थाना से चिलुआताल तक 12.35 किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा, जिससे वर्षा जल की तेज और सुचारु निकासी सुनिश्चित हो सकेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित नाला कंचनपुर चौराहा, गुलरिहा थाना, पुरैना, बनजरहा पुलिया, मिर्जापुर चौराहा होते हुए चिलुआताल तक जाएगा। इस परियोजना से शहर के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या दूर होगी और करीब 40 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
परियोजना का कैचमेंट एरिया लगभग 2221.83 हेक्टेयर बताया गया है। इसके दायरे में जंगल पकड़ी, चारगांवा, गोरखनाथ खाद कारखाना कॉलोनी, झुंगिया समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं, जहां हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने संबंधित विभागों को आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य में कोई देरी न हो। नगर निगम का कहना है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
शहरवासियों को उम्मीद है कि इस ड्रेनेज परियोजना के पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और बरसात के दिनों में जनजीवन प्रभावित नहीं होगा।











