प्रयागराज - प्रेम प्रसंग को लेकर गंगापार के मऊआइमा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
बताया गया कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था, लेकिन पारिवारिक कारणों से शादी को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। इसी बात से नाराज होकर युवती टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। टावर पर चढ़ी युवती को देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना पर पहुंची मऊआइमा पुलिस ने परिवार के लोगों की मदद से काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद युवती मान गई और सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई।
पुलिस के अनुसार, समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। मामले को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।












