मध्य प्रदेश के गुना जिले में बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक परिवार के ट्रॉली बैग से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए। घटना के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले में चलती ट्रेन में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहा एक परिवार बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहा था, तभी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ट्रॉली बैग से सोने-चांदी के कीमती जेवर लेकर फरार हो गए। चोरी हुए आभूषणों की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
गुना जिले में रेलवे यात्रा के दौरान हुई इस चोरी ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार अशोकनगर जिले के नरखेड़ा गांव निवासी आबिद खान अपने परिवार के साथ बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुंगावली से म्याना जा रहा था।
![]()
यात्रा के दौरान परिवार ने अपना ट्रॉली बैग ट्रेन की ऊपरी सीट पर रखा हुआ था। जैसे ही ट्रेन रेटवास और गुना स्टेशन के बीच पहुंची, डिब्बे में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग ऊपरी सीट के पास पहुंच गए और मौका देखकर बैग की चेन खोलकर उसमें रखे कीमती जेवर निकाल लिए।
गुना पहुंचने से पहले खुली चोरी की पोल
गुना स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले आबिद खान की नजर ट्रॉली बैग पर पड़ी। बैग की चेन खुली देखकर उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने बैग की जांच की तो उसमें रखे सभी कीमती आभूषण गायब मिले। घटना का पता चलते ही परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया।
पीड़ित परिवार ने तुरंत रेलवे पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाखों के सोने-चांदी के जेवर हुए चोरी
शिकायत के अनुसार चोर बैग से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण ले गए। चोरी हुए सामान में छह सोने के हार, दो कड़े, चार कंगन, दो चेन, छह अंगूठियां, कान के झाले और टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा चार जोड़ी चांदी की पायल, हथफूल और बिछिया भी चोरी हो गई।
परिवार का दावा है कि करीब 25 तोले से अधिक सोना और लगभग सवा किलो चांदी के जेवर चोरी हुए हैं। वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार इनकी कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में आभूषणों का मूल्य पुराने दरों के आधार पर करीब 16 लाख रुपये दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। गुना से बीना के बीच आने वाले रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी में शामिल संदिग्ध किस स्टेशन पर ट्रेन में चढ़े और कहां उतरे।
जांच अधिकारियों का मानना है कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पेशेवर गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं, जो भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते हैं।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान कीमती सामान हमेशा अपने पास रखें और उसे बिना निगरानी के सीटों या लगेज रैक पर न छोड़ें। अधिकारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाली ट्रेनों में अपराधी ऐसे ही अवसरों की तलाश में रहते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी एवं स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।









