निंबाहेड़ा के पास एनएच-56 पर दर्दनाक हादसे में स्कूल संचालक दंपती और पिकअप चालक की मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल। तेज रफ्तार और लापरवाही ने हादसा कराया, पुलिस फरार थार चालक की तलाश में जुटी है।
Chittorgarh: यह दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे निंबाहेड़ा के पास वसुंधरा मल्टी के सामने हुई। सदर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ा था। पिकअप में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण चालक संभवतः स्टेपनी बदल रहा था या गाड़ी ठीक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान चित्तौड़गढ़ की ओर से आ रही एक वैन अनियंत्रित होकर सीधे खड़ी पिकअप में जा टकराई।
वैन के पीछे तेज रफ्तार में आ रही थार गाड़ी ने वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दोहरी टक्कर के कारण वैन थार और पिकअप के बीच फंस गई और बुरी तरह पिचक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में सवार लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में वैन में सवार सरवानिया महाराज, नीमच (मध्यप्रदेश) निवासी लखन मालू (40) और उनकी पत्नी सरिता मालू (36) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपने गांव में निजी स्कूल का संचालन करते थे। तीसरे मृतक की पहचान पिकअप चालक बसंतीलाल प्रजापत (35), निवासी भून्याखेड़ी, मंदसौर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पिकअप में सवार हस्तीमल पामेचा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उदयपुर रेफर किया गया।
शादी समारोह से लौट रहे थे दंपती
मृतक दंपती लखन और सरिता मालू चित्तौड़गढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में यह हादसा हो गया। वैन के बुरी तरह पिचक जाने के कारण दोनों को बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे के बाद थार चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।










