हाजीपुर में घर के बाहर गोली लगने से गुड़िया देवी की मौत, दो पड़ोसियों से जारी पूछताछ

हाजीपुर में घर के बाहर गोली लगने से 22 वर्षीय गुड़िया देवी की मौत। पुलिस दो पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

गुड़िया देवी पानी लाने के लिए घर से बाहर गई थीं। उसी दौरान उन्हें गोली लगी और अस्पताल ले जाने पर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पड़ोसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम करवा रही है।

Bihar: हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा चौक के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक घटना हुई। स्थानीय निवासी अर्जुन पासवान की पत्नी गुड़िया देवी (22) को घर के बाहर गोली लग गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई।

घटना के समय गुड़िया देवी पानी लाने के लिए घर के नीचे लगे चापाकल पर गई थीं। अचानक उन्हें सिर के पीछे गोली लगी। घायल महिला को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके सिर और नाक से खून बह रहा था।

पति का बयान 

अर्जुन पासवान ने बताया कि वह रात 11:15 बजे एक दोस्त के यहां मरनी के भोज में गए थे। घर लौटने पर उन्होंने अपनी पत्नी से खाना लाने को कहा था। गुड़िया देवी पानी लाने के लिए नीचे गई थी। अर्जुन ने बताया कि उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई नहीं दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले पड़ोसियों के साथ पानी को लेकर विवाद हुआ था। इस झगड़े के दौरान पड़ोसियों ने कथित रूप से धमकी भी दी थी। अर्जुन पासवान एक जज के निजी ड्राइवर हैं।

सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि नगर थाना क्षेत्र में गोली लगने से महिला की मौत हुई। पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो पड़ोसियों को हिरासत में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या की सटीक वजह सामने आएगी।

पुलिस की जांच जारी 

स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला के घर पर बीते रात पार्टी का आयोजन हुआ था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पार्टी के दौरान गोली चली, जिससे गुड़िया देवी को गंभीर चोट लगी। महिला के मायके वालों ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि गोली लगने से उनकी बेटी की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस से मामले की त्वरित जांच की मांग की है।

पुलिस ने दो संदिग्ध पड़ोसियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है, जैसे कि गोली किसने चलाई और हत्या की वास्तविक वजह क्या थी। स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाने का भरोसा दिया है।

Leave a comment