Clawdbot क्या है? जाने क्यों हर तरफ हो रही है इसकी चर्चा

Clawdbot एक पर्सनल एआई असिस्टेंट है जो सीधे कंप्यूटर पर चलता है। ओपन सोर्स, ज्यादा यूजर कंट्रोल और इससे जुड़े सुरक्षा जोखिम यहां समझें।

Clawdbot इन दिनों टेक जगत में चर्चा में है क्योंकि यह एक ऐसा पर्सनल एआई असिस्टेंट है जो सीधे यूजर के कंप्यूटर पर चलता है। ओपन सोर्स होने और ज्यादा कंट्रोल देने के कारण इसे पारंपरिक एआई टूल्स से अलग माना जा रहा है, हालांकि इसके साथ कुछ सुरक्षा जोखिम भी जुड़े हैं।

Clawdbot AI Assistant: पिछले कुछ दिनों से टेक कम्युनिटी में Clawdbot को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह एक पर्सनल एआई असिस्टेंट है जो क्लाउड सर्वर की बजाय यूजर के कंप्यूटर पर रन करता है और ईमेल, कैलेंडर व लोकल डॉक्यूमेंट्स तक पहुंच बना सकता है। इसे हाल के दिनों में दुनियाभर के टेक यूजर्स और डेवलपर्स इस्तेमाल कर रहे हैं। इसकी ओपन सोर्स प्रकृति और ज्यादा यूजर कंट्रोल इसे खास बनाते हैं, जबकि डेटा सुरक्षा से जुड़े जोखिम इस पर बहस की वजह बने हुए हैं।

Clawdbot क्या करता है और क्यों है अलग

Clawdbot एक पर्सनल एआई असिस्टेंट है, जिसे यूजर अपने कंप्यूटर पर इंस्टॉल करके इस्तेमाल करता है। परमिशन मिलने पर यह ईमेल पढ़ सकता है, कैलेंडर चेक कर सकता है और लोकल डॉक्यूमेंट्स को समझ सकता है। समय के साथ यह यूजर की आदतों और जरूरतों को याद रखने लगता है, जिससे इसका अनुभव एक साधारण चैटबॉट से ज्यादा असिस्टेंट जैसा हो जाता है।

इसका सबसे बड़ा फीचर इसका ओपन सोर्स होना है। यानी कोई भी यह देख सकता है कि Clawdbot कैसे काम करता है। डेवलपर्स इसमें बदलाव कर सकते हैं और अपनी जरूरत के मुताबिक इसका अलग वर्जन बना सकते हैं। यही पारदर्शिता इसे उन लोगों के बीच लोकप्रिय बना रही है जो टेक्नोलॉजी को सिर्फ इस्तेमाल नहीं, बल्कि समझना भी चाहते हैं।

कितना सुरक्षित है Clawdbot

Clawdbot को लेकर सबसे बड़ा सवाल इसकी सुरक्षा को लेकर है। चूंकि इसे कंप्यूटर की फाइल्स पढ़ने और कमांड रन करने जैसी गहरी एक्सेस मिलती है, इसलिए इसमें रिस्क भी शामिल है। अगर कुछ गलत होता है तो डेटा लीक या सिस्टम को नुकसान पहुंचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

खास बात यह है कि इसके क्रिएटर्स खुद इसे पूरी तरह सुरक्षित होने का दावा नहीं करते। उनका मानना है कि यह टूल फिलहाल एक्सपेरिमेंटल है और हर यूजर के लिए नहीं बनाया गया है। यही ईमानदारी कुछ लोगों को भरोसा देती है, जबकि कुछ यूजर्स इसके जोखिमों को लेकर सतर्क भी हैं।

फिर भी लोग इसे क्यों अपना रहे हैं

रिस्क के बावजूद Clawdbot को पसंद करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि यह किसी बड़े ब्रांड की मार्केटिंग या छिपे एजेंडे के बिना सामने आया है। यूजर्स को लगता है कि यह एक ईमानदार टूल है, जो पर्सनल एआई की असली तस्वीर दिखाता है।

खासतौर पर टेक्निकल नॉलेज रखने वाले और नए प्रयोग करने वाले यूजर्स इसे एआई का ज्यादा स्वतंत्र और भरोसेमंद रूप मान रहे हैं। उनके मुताबिक, पर्सनल एआई ऐसा ही होना चाहिए जो यूजर के कंट्रोल में रहे और उसकी जरूरतों के हिसाब से काम करे।

Leave a comment