JEE Advanced 2026 के लिए सिर्फ JEE Main स्कोर काफी नहीं, ये नियम भी तय करेंगे एंट्री

JEE Advanced 2026 में बैठने के लिए JEE Main रैंक, एज लिमिट, दो अटेम्प्ट की शर्त और 12वीं PCM नियम जरूरी हैं। जानें पूरी एलिजिबिलिटी डिटेल।

JEE Advanced 2026 में शामिल होने के लिए सिर्फ JEE Main स्कोर काफी नहीं है। उम्मीदवारों को टॉप 2.5 लाख रैंक के भीतर होना, तय एज लिमिट में आना, अटेम्प्ट सीमा का पालन करना और हाल के दो साल में PCM के साथ 12वीं पास होना जरूरी है।

JEE Advanced 2026 Eligibility: IITs और IISc बेंगलुरु में दाखिले की चाह रखने वाले छात्रों के लिए JEE Advanced 2026 के नियम साफ कर दिए गए हैं। यह परीक्षा JEE Main 2026 के आधार पर होगी, लेकिन केवल टॉप 2.5 लाख रैंक पाने वाले उम्मीदवार ही इसमें बैठ सकेंगे। चयन कैटेगरी-वाइज आरक्षण के अनुसार होगा। इसके साथ उम्र सीमा, अधिकतम दो अटेम्प्ट और 12वीं बोर्ड परीक्षा की शर्तें भी लागू होंगी। जो उम्मीदवार पहले IIT में एडमिशन ले चुके हैं, उन्हें दोबारा मौका नहीं मिलेगा।

JEE Main की कितनी रैंक पर मिलेगा मौका

JEE Main 2026 में करीब 13 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए हैं। नियम के मुताबिक, टॉप 2.5 लाख कैंडिडेट्स को ही JEE Advanced 2026 में बैठने की अनुमति मिलती है। यह चयन कैटेगरी-वाइज आरक्षण के आधार पर होता है, जिसमें जनरल, EWS, OBC, SC और ST सभी वर्ग शामिल होते हैं।

ध्यान देने वाली बात यह है कि यह टॉप 2.5 लाख की लिस्ट सिर्फ ओवरऑल मेरिट से नहीं बनती, बल्कि संवैधानिक आरक्षण के अनुपात में तैयार की जाती है। इसलिए अपनी कैटेगरी के कटऑफ को ध्यान में रखकर ही तैयारी और उम्मीद तय करना सही रहेगा।

एज लिमिट और अटेम्प्ट का साफ नियम

JEE Advanced 2026 के लिए जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों की अधिकतम उम्र 25 साल तय है। आरक्षित वर्गों को इसमें 5 साल की छूट मिलती है। उम्र की गणना तय कटऑफ डेट के आधार पर की जाती है, इसलिए जन्मतिथि का सही होना बेहद जरूरी है।

अटेम्प्ट की बात करें तो कोई भी उम्मीदवार JEE Advanced अधिकतम दो बार ही दे सकता है, और वह भी लगातार दो साल। बीच में गैप होने पर तीसरा मौका नहीं मिलता। यानी अगर आपने एक बार चांस गंवा दिया, तो रणनीति और टाइमिंग दोनों बेहद अहम हो जाते हैं।

12वीं बोर्ड और पहले IIT एडमिशन का नियम

JEE Advanced में वही उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं जिन्होंने 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स पढ़ी हो। इसके अलावा, 12वीं बोर्ड परीक्षा पिछले दो साल के भीतर पास की होनी चाहिए, जिसमें चालू साल भी शामिल है।

अगर कोई छात्र पहले JEE Advanced के जरिए IIT में एडमिशन ले चुका है, तो वह दोबारा इस परीक्षा में शामिल नहीं हो सकता, भले ही उसने कोर्स पूरा न किया हो। हालांकि JoSAA काउंसलिंग के अंतिम राउंड से पहले सीट छोड़ने वाले उम्मीदवारों को एक मौका मिल सकता है।

Leave a comment