हरिद्वार के मैकडोनाल्ड में खराब प्याज से बन रहे थे बर्गर, मीट और आइसक्रीम-डेजर्ट की बिक्री पर रोक

हरिद्वार के McDonald’s में खराब और बदबूदार प्याज मिलने पर मीट प्रोडक्ट व आइसक्रीम-डेजर्ट की बिक्री रोकी गई। खाद्य विभाग ने 12 नमूने जांच के लिए लिए।

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मैकडोनाल्ड समेत कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। मैकडोनाल्ड में खराब और बदबूदार प्याज मिलने पर मीट प्रोडक्ट और आइसक्रीम-डेजर्ट की बिक्री रोक दी गई। अभियान में 12 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।

हरिद्वार: खाद्य सुरक्षा विभाग ने रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के मद्देनजर शनिवार को हरिद्वार, ज्वालापुर, पिरान कलियर और रुड़की में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड में बर्गर और अन्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल किया जा रहा कटा प्याज खराब और दुर्गंधयुक्त मिला। विभाग ने मीट प्रोडक्ट और आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण व बिक्री पर तत्काल रोक लगाई है।

मैकडोनाल्ड में खराब प्याज मिलने पर कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बर्गर और अन्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाला कटा प्याज खराब स्थिति में मिला। अधिकारियों के अनुसार, प्याज से दुर्गंध आ रही थी और वह मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त था।

जांच के दौरान रेस्टोरेंट में कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं। खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी तारीख मिटाई गई थी।

मीट और आइसक्रीम-डेजर्ट की बिक्री रोकी

जांच में यह भी पाया गया कि नामिनी बदलने के बावजूद खाद्य लाइसेंस में नए नामिनी का इंडोर्समेंट नहीं कराया गया था। इसके अलावा लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट और आइसक्रीम एवं डेजर्ट की खाद्य श्रेणियां दर्ज नहीं थीं।

इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मौके पर ही मीट प्रोडक्ट और आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण व बिक्री पर रोक लगा दी। आइसक्रीम डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले कोटेड क्रिस्पीज और बटर स्कॉच चॉकलेट डिप के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है।

ऑनलाइन खाद्य कारोबार में भी मिली खामियां

आर्यनगर और ज्वालापुर क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। आर्यनगर स्थित पिलपकार्ट के ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े इंस्टाकार्ट प्रतिष्ठान में कर्मचारी मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

खाद्य सामग्री का रखरखाव और भंडारण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। विभाग ने प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया।

पटियाला, पंजाब की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भी भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। वहां से देशी घी, भुना चना और दाल के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए गए।

उर्स मेले और रुड़की में भी जांच

पिरान कलियर में उर्स मेले के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए।

रुड़की में मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों की जांच के दौरान बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील और मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दुकानें बंद होने लगीं।

12 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

पूरे अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।

त्योहारों के बीच हुई इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभाग ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भंडारण और खाद्य लाइसेंस से जुड़े नियमों के पालन को लेकर प्रतिष्ठानों की जांच की।

Leave a comment