प्रियंका चोपड़ा की अदाकारी से सजी हॉलीवुड फिल्म 2 जुलाई को अमेजन प्राइम पर रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म एक अमेरिकन एक्शन कॉमेडी है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
एंटरटेनमेंट: प्रियंका चोपड़ा की नई हॉलीवुड फिल्म Heads of State का एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जबरदस्त रिव्यू सामने आ रहा है। 2 जुलाई को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग हो चुकी है, जिसमें कई दर्शकों ने हिस्सा लिया और अपने अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किए। प्रियंका की एक्टिंग, फिल्म का एक्शन और हल्की-फुल्की कॉमेडी इन सबने मिलकर लोगों का दिल जीत लिया है।
प्रियंका चोपड़ा बनीं फिल्म की जान
स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद एक यूजर ने लिखा, “हेड्स ऑफ स्टेट को केवल प्रियंका चोपड़ा जोनस ने बचाया है। जॉन सीना और इदरीस एल्बा ने भी अच्छा काम किया, लेकिन उनका योगदान सीमित रहा। प्रियंका का स्क्रीन प्रेजेंस जबरदस्त है। वहीं एक दूसरे दर्शक ने प्रियंका के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा, “प्रियंका चोपड़ा का प्रदर्शन पूरी फिल्म में सबसे बेहतर है। उनकी परफॉर्मेंस देखकर लगता ही नहीं कि यह कोई साइड रोल है। उन्होंने हर सीन में अपनी छाप छोड़ी है।
एक्शन और कॉमेडी का बेहतरीन मिक्स
फिल्म के एक्शन और कॉमेडी की भी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। एक यूजर ने लिखा, “हेड्स ऑफ स्टेट एक रोमांचक सफर है। फिल्म में भरपूर एक्शन है, लेकिन इसके बीच-बीच में आने वाला कॉमेडी का पंच कहानी को और मजेदार बना देता है। स्टंट सीक्वेंस जबरदस्त हैं और वीएफएक्स भी शानदार।
एक अन्य यूजर ने कहा, “यह फिल्म एकदम पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट है। जॉन सीना और इदरीस एल्बा की जोड़ी धमाकेदार है। दोनों की केमिस्ट्री देखते ही बनती है। प्रियंका चोपड़ा ने भी पूरी कहानी में जान डाल दी। इसे मिस मत करना।”
गानों और सिनेमेटोग्राफी को भी सराहा
फिल्म के गानों और बैकग्राउंड म्यूजिक की भी तारीफ की गई। एक यूजर ने लिखा, हेड्स ऑफ स्टेट का म्यूजिक और गाने कहानी के साथ पूरी तरह मेल खाते हैं। बैकग्राउंड स्कोर एक्शन सीन्स में एनर्जी भर देता है। साथ ही फिल्म के कैमरा वर्क और लोकेशन की भी चर्चा हो रही है। एक दर्शक ने लिखा, “फिल्म की सिनेमेटोग्राफी कमाल की है। हर फ्रेम में हॉलीवुड का बड़ा बजट और ग्लैमर झलकता है। कहानी भले ही थोड़ी सिंपल हो, लेकिन प्रेजेंटेशन शानदार है।
Heads of State की कहानी दो देशों के नेताओं के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति और यूके के प्रधानमंत्री के बीच चल रही सियासी साजिशों और उनके आसपास बने हालातों को दिखाया गया है। फिल्म में इदरीस एल्बा और जॉन सीना मुख्य भूमिका में हैं, जो अपने-अपने मिशन में जुटे होते हैं, लेकिन हालात ऐसे बनते हैं कि दोनों को साथ आना पड़ता है। प्रियंका चोपड़ा भी इसी मिशन का हिस्सा बनती हैं और उनका रोल कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाता है। फिल्म का निर्देशन इल्या नैशुल्लर ने किया है, जो पहले Hardcore Henry और Nobody जैसी शानदार एक्शन फिल्मों से चर्चा में रहे हैं।
प्रियंका चोपड़ा के फैंस के लिए यह फिल्म एक तोहफे से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। एक यूजर ने लिखा, “प्रियंका ग्लोबल स्टार हैं, और यह फिल्म उनके करियर में एक और मजबूत कदम है।