हिमाचल में अगले 4 दिन हल्की बारिश, 11-12 सितंबर को फिर बढ़ेगा मानसून,78 सड़कें अब भी बंद

हिमाचल में अगले 4 दिन हल्की बारिश और मौसम साफ रहने का अनुमान है। 11-12 सितंबर को मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। 78 सड़कें अब भी बंद हैं।

हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम सामान्य रहने और छिटपुट हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 11-12 सितंबर को मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। बारिश कम होने से बंद सड़कों की संख्या 93 से घटकर 78 हो गई है।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिनों तक ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं 11 और 12 सितंबर को मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे मैदानी और मध्य-पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

11-12 सितंबर को बढ़ सकती है मानसूनी गतिविधि

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा और कुछ स्थानों पर छिटपुट हल्की वर्षा होने की संभावना है।

हिमाचल में अगले 4 दिन हल्की बारिश, 11-12 सितंबर को फिर बढ़ेगा मानसून,78 सड़कें अब भी बंद

पिछले कई सप्ताह से भारी बारिश के कारण प्रदेश में नुकसान जारी है। रविवार को नाहन में 21.5 मिलीमीटर, जबकि शिमला और कल्पा में हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 11-12 सितंबर को मानसून के फिर सक्रिय होने से कुछ क्षेत्रों में बारिश बढ़ सकती है।

तापमान में बढ़ोतरी, ऊना सबसे गर्म

बारिश, धूप और बादलों के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शिमला में अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। कल्पा में 3.6 डिग्री और सुंदरनगर में 2.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज हुई, जबकि कांगड़ा में अधिकतम तापमान 2.4 डिग्री गिरा।

ऊना में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में रातें अपेक्षाकृत ठंडी बनी हुई हैं। केलांग में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कल्पा में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।

78 सड़कें बंद, मंडी और कुल्लू सबसे ज्यादा प्रभावित

बारिश की तीव्रता कम होने के बाद प्रदेश में सड़क बहाली का काम तेज किया गया है। रविवार सुबह तक 93 सड़कें बंद थीं, जिनकी संख्या शाम 5 बजे तक घटकर 78 रह गई। राहत की बात यह है कि बंद सड़कों में कोई राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल नहीं है।

मंडी जिले में सबसे अधिक 36 सड़कें और कुल्लू जिले में 22 सड़कें प्रभावित हैं। इसके अलावा राज्य में 12 ट्रांसफार्मर खराब हैं और 8 पेयजल योजनाएं बंद हैं। प्रशासन की ओर से बहाली कार्य जारी है।

मानसून में 110 मौतें, 1,242 करोड़ से ज्यादा का नुकसान

30 जून से 6 सितंबर तक मानसून सीजन में प्रदेश में कुल 110 लोगों की मौत हुई है। इनमें भूस्खलन से 18 और डूबने से 13 लोगों की जान गई, जबकि अन्य मौतें अलग-अलग कारणों से हुई हैं। सड़क हादसों में 164 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

प्रदेश को अब तक सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान के रूप में 1,242.73 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति हो चुकी है। बीते 24 घंटों में भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सिरमौर के नाहन में सर्वाधिक 53.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद श्री नैना देवी जी में 46.2, जोगिंदरनगर में 39, सराहन में 30 और धौलाकुआं में 26.5 मिलीमीटर बारिश हुई।

Leave a comment