भोपाल में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के ‘काजी कैंप में मिसाइल’ वाले बयान पर विवाद बढ़ गया। शर्मा ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय भोपाल नहीं, इस्लामाबाद के काजी कैंप से था।
भोपाल: करोंद में मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। शर्मा ने मंच से कहा कि करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ने पर वह काजी कैंप में जाकर गिरे। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि इस्लामाबाद के काजी कैंप से था।
रामेश्वर शर्मा ने पाकिस्तान का जिक्र किया
करोंद के भगत सिंह चौराहे पर रविवार रात आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद पर बात की। उन्होंने कहा कि हिंदू एकता सिर्फ मटकी फोड़ने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज को हर स्तर पर एकजुट रहना चाहिए।
पाकिस्तान का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में भी मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या वे इस्लामाबाद में मटकी फोड़ना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि वहां मटकी फोड़ने के लिए पहले वहां की मटकी फोड़नी पड़ेगी।
इसी दौरान उन्होंने कहा, “करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे।” बयान सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया।
बयान के बाद विधायक ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान में भोपाल के काजी कैंप का संदर्भ नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका आशय इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप से था।
अपने संबोधन में शर्मा ने हिंदू समाज से जातियों में नहीं बंटने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की पहचान होनी चाहिए। उन्होंने देश के लिए समर्पित लोगों के सम्मान और मातृभूमि के प्रति निष्ठा को हर नागरिक का कर्तव्य बताया।
कांग्रेस ने CM मोहन यादव से पूछा- क्या कार्रवाई होगी?
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस के मीडिया को-ऑर्डिनेटर अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने विधायक की सफाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इंटरनेट पर पाकिस्तान में काजी कैंप नाम की कोई जगह नहीं मिलती। उन्होंने पूछा कि विधायक आखिर किस काजी कैंप की बात कर रहे थे।
अब्बास हाफिज ने कहा कि भोपाल के काजी कैंप जैसे इलाके के बारे में सार्वजनिक मंच से मिसाइल गिराने की बात करना निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार इस बयान को सामान्य मानती है और विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।










