भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम अब इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो चुका है। हरमन की कप्तानी में टीम ने पहली बार आईसीसी महिला विश्व कप खिताब अपने नाम किया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रचते हुए अपनी टीम को पहली बार ICC महिला विश्व कप 2025 जीताने का गौरव प्राप्त किया। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय महिलाओं ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद हरमनप्रीत कौर का नाम उन दिग्गजों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को विश्व कप जिताया, जिसमें कपिल देव, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे क्रिकेटर शामिल हैं। लेकिन हाल ही में चेन्नई में आयोजित एक इवेंट में हरमनप्रीत ने अपने फेवरेट पुरुष क्रिकेटर का खुलासा किया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
एमएस धोनी को पसंदीदा कप्तान मानती हैं हरमनप्रीत कौर

हरमनप्रीत कौर चेन्नई के वेलाम्मल नेक्सस स्कूल के कार्यक्रम में पहुंची थीं, जहां स्कूली बच्चों ने उनसे कई सवाल पूछे। एक छात्र ने उनसे पूछा कि विराट कोहली और एमएस धोनी में से उन्हें कौन सा क्रिकेटर ज्यादा पसंद है। इस सवाल के जवाब में हरमनप्रीत ने एमएस धोनी का नाम लिया। हरमनप्रीत ने कहा कि उन्हें धोनी का कूल और शांत स्वभाव वाला कप्तानी अंदाज बेहद भाता है। उनका मानना है कि धोनी का निर्णय लेने का तरीका और मैच के तनावपूर्ण क्षणों में टीम को संभालने की क्षमता उन्हें प्रेरित करती है।
इस दौरान स्कूल की ओर से हरमनप्रीत कौर का सम्मान भी किया गया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस के बीच तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2 नवंबर 2025 को न केवल खेला, बल्कि इतिहास रचा। भारतीय टीम ने फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। यह हरमनप्रीत का चौथा विश्व कप था।











