ICC Rankings: वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, T20I में हासिल की करियर की बेस्ट रेटिंग

ICC Rankings: वरुण चक्रवर्ती ने रचा इतिहास, T20I में हासिल की करियर की बेस्ट रेटिंग

भारतीय क्रिकेट के लिए यह गर्व का क्षण है। टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आईसीसी मेंस टी20 इंटरनेशनल गेंदबाज रैंकिंग में नया इतिहास रच दिया है। ताजा जारी आईसीसी रैंकिंग में वरुण 818 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 स्थान पर बने हुए हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय टीम के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आईसीसी मेंस टी20आई गेंदबाज रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर अपनी पकड़ बनाए रखते हुए करियर की बेस्ट रेटिंग हासिल कर ली है। ताजा आईसीसी रैंकिंग के अनुसार वरुण ने 818 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20आई सीरीज के तीसरे मुकाबले में दो विकेट लेने का उन्हें बड़ा फायदा मिला। 

इसके अलावा तिलक वर्मा ने रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाई है, जबकि अर्शदीप सिंह को चार स्थानों का फायदा हुआ है। हालांकि हैरानी की बात यह रही कि भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची से बाहर हो गए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम

वरुण चक्रवर्ती को यह बड़ा फायदा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20I सीरीज में शानदार गेंदबाजी के बाद मिला। सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में उन्होंने कुल 6 विकेट झटके। धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20I मैच में वरुण ने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 2 विकेट लिए और विपक्षी बल्लेबाजों को पूरी तरह बांधकर रखा।

उनके इसी निरंतर प्रदर्शन का असर आईसीसी रैंकिंग में साफ नजर आया और वह 818 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गए। दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी हैं, जिनके खाते में 699 रेटिंग अंक हैं। दोनों के बीच फिलहाल 119 अंकों का बड़ा अंतर है।

ऑल-टाइम टॉप-10 बेस्ट T20I बॉलर रेटिंग में एंट्री

34 वर्षीय वरुण चक्रवर्ती ने सिर्फ मौजूदा रैंकिंग में ही नहीं, बल्कि ऑल-टाइम हाईएस्ट T20I बॉलर रेटिंग की टॉप-10 सूची में भी अपनी जगह बना ली है। इस प्रतिष्ठित सूची में उमर गुल, सुनील नरेन, डेनियल विटोरी और शाहिद अफरीदी जैसे दिग्गज शामिल हैं। वरुण अब इस लिस्ट में 818 अंकों के साथ आठवें स्थान पर मौजूद हैं।

इस उपलब्धि के साथ वरुण चक्रवर्ती ने जसप्रीत बुमराह का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। बुमराह ने 1 फरवरी 2017 को अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ T20I रेटिंग 783 अंक हासिल की थी, जो किसी भारतीय गेंदबाज की अब तक की सबसे ऊंची रेटिंग मानी जाती थी। अब वरुण 818 अंकों के साथ भारत के सबसे अधिक रेटिंग वाले T20I गेंदबाज बन गए हैं।

अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा को भी रैंकिंग में फायदा

वरुण के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी ताजा आईसीसी रैंकिंग में फायदा हुआ है। अर्शदीप सिंह ने चार स्थान की छलांग लगाते हुए टी20I बॉलर रैंकिंग में 16वां स्थान हासिल किया। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20I मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। बल्लेबाजों की रैंकिंग में तिलक वर्मा ने दो स्थान की उछाल के साथ चौथा स्थान हासिल कर लिया है। अब ICC T20I बैटर रैंकिंग के टॉप-5 में भारत के दो खिलाड़ी शामिल हैं।

  • नंबर-1 पर अभिषेक शर्मा (909 रेटिंग अंक)
  • चौथे स्थान पर तिलक वर्मा

हालांकि भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को झटका लगा है और वह एक स्थान नीचे खिसककर टॉप-10 से बाहर हो गए हैं। ICC T20I ऑलराउंडर्स रैंकिंग में पाकिस्तान के सैम अयूब शीर्ष पर बने हुए हैं। वहीं भारत के शिवम दुबे को दो स्थान का फायदा हुआ है और वह अब 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

 

Leave a comment