इन राशि वालों से पंगा लेना पड़ सकता हैं महंगा, इनसे बहसबाजी न करें
ज्योतिष में कुल 12 राशियाँ होती हैं, और प्रत्येक व्यक्ति का संबंध इनमें से किसी एक राशि से अवश्य होता है। हर राशि के लोगों का स्वभाव अलग-अलग होता है क्योंकि प्रत्येक राशि का स्वामी ग्रह अलग होता है, और उस ग्रह का प्रभाव उस राशि के लोगों पर पड़ता है। किसी व्यक्ति का स्वभाव उसकी राशि के स्वामी ग्रह के तत्व और स्वभाव पर निर्भर करता है। आइए जानते हैं कुछ ऐसी राशियों के बारे में जिनके लोग तेजतर्रार, निर्भीक और स्वतंत्र विचारों वाले माने जाते हैं। ये लोग अपने विचारों को खुलकर व्यक्त करते हैं और किसी को अपने पर हावी नहीं होने देते। इनके साथ कोई विवाद करने पर ये उसे सबक सिखाने के बाद ही शांत होते हैं, इसलिए इनसे बहस करना सही नहीं माना जाता।
मेष
इस मामले में सबसे पहला नाम आता है मेष राशि का। इस राशि के लोग अपनी शर्तों पर जीवन जीते हैं। ये लोग मानसिक रूप से मजबूत होते हैं और अगर कोई धुन इन्हें सवार हो जाए तो ये अपनी जिद पूरी करने के बाद ही शांत होते हैं। ये लोग किसी भी समस्या का सामना बहुत साहस से करते हैं और स्वाभिमानी होते हैं। अगर कोई इनके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करता है, तो उसे ये बर्दाश्त नहीं करते।
कर्क
कर्क राशि के लोगों का स्वभाव काफी जिद्दी होता है। ये अगर किसी को सबक सिखाने की ठान लें तो किसी भी हद तक जा सकते हैं। हालांकि इनका दूसरा पक्ष यह है कि ये लोग बहुत भावुक होते हैं। यदि ये किसी के प्यार में पड़ जाएं तो उसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं।
वृश्चिक
इस राशि के लोग सुनते सबकी हैं, लेकिन करते वही हैं जो ये चाहते हैं। ये लोग काफी रहस्यमयी होते हैं और अंदर से कुछ सोचते हैं, जबकि दूसरों को कुछ और जताते हैं। वृश्चिक राशि वाले ज्यादातर अपने काम खुद ही करना पसंद करते हैं और अपनी समस्याओं को निडरता के साथ सुलझाते हैं। लेकिन अगर ये किसी से नाराज हो जाएं तो उसे अच्छी तरह से सबक सिखाते हैं और जीवनभर माफ नहीं करते।
सिंह
सिंह राशि वाले जातकों का स्वभाव भी सिंह की तरह होता है। ये लोग तेज-तर्रार, शक्तिशाली, मुंहफट और मजबूत होते हैं। जब इन्हें गुस्सा आता है तो ये कुछ भी बोल देते हैं, बिना यह सोचे कि सामने वाले से इनका क्या रिश्ता है। हालांकि बाद में इन्हें अपनी गलती का अहसास हो जाता है, लेकिन समझदारी इसी में है कि इन लोगों से ज्यादा उलझा न जाए।