BCCI ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय अंडर-19 महिला टीम घोषित कर दी है। 18 वर्षीय भाविका अहीरे को कप्तान और अनादी टागड़े को उपकप्तान बनाया गया है। मुकाबले 26 नवंबर से वडोदरा और सूरत में खेले जाएंगे।
स्पोर्ट्स न्यूज़: अगले साल होने वाले ICC U19 Women's T20 World Cup की तैयारियों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू T20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। शनिवार, 21 नवंबर 2026 को घोषित 15 सदस्यीय टीम की कमान 18 साल की विकेटकीपर बल्लेबाज भाविका अहीरे को सौंपी गई है।
अनादी टागड़े उपकप्तान होंगी। भारत और इंग्लैंड की अंडर-19 महिला टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज 26 नवंबर से शुरू होगी। इसके मुकाबले गुजरात के वडोदरा और सूरत में खेले जाएंगे।
18 साल की भाविका अहीरे को मिली कप्तानी
BCCI की महिला चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए कई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। टीम की कप्तानी भाविका अहीरे करेंगी, जो विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका भी निभाती हैं। भाविका इससे पहले भी भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी कर चुकी हैं। हाल ही में नेपाल के खिलाफ आयोजित घरेलू T20 Tri-Series में उन्हें इंडिया अंडर-19 ए टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
वह 2025 में महिला अंडर-19 T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रही थीं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उनका अनुभव महत्वपूर्ण हो सकता है। टीम में अनादी टागड़े को उपकप्तान बनाया गया है। वह तेज गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी भी कर सकती हैं। इसके अलावा श्रेया एस चव्हाण को दूसरे विकेटकीपर के विकल्प के रूप में शामिल किया गया है।
उमा काश्वी और दीया यादव को भी मिला मौका
![]()
इस बार भारतीय टीम में कुछ ऐसे युवा खिलाड़ियों को भी जगह मिली है, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और Women's Premier League (WPL) के जरिए अपनी पहचान बनाई है। इनमें उमा काश्वी और दीया यादव के नाम प्रमुख हैं। दोनों खिलाड़ी Delhi Capitals से जुड़ी रही हैं। उमा काश्वी को अक्टूबर 2026 में हुए WPL Auction में Delhi Capitals ने 10 लाख रुपये में खरीदा था। उस समय उनकी उम्र महज 15 साल थी और वह WPL में चुनी जाने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी थीं।
वहीं, दीया यादव ने भी कम उम्र में WPL में खेलने का अवसर हासिल किया। अब दोनों खिलाड़ियों के पास इंग्लैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय युवा स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका होगा। इसके अलावा इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, मेहक नरवसे और मैत्री मनियार जैसे खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी गई है।
IND U19 vs ENG U19: पांच मैचों की T20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारतीय महिला अंडर-19 टीम और इंग्लैंड के बीच पांच मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआती दो मैच वडोदरा में होंगे, जबकि आखिरी तीन मैचों की मेजबानी सूरत करेगा।
- 26 नवंबर: पहला T20I, वडोदरा (शाम 6 बजे )
- 28 नवंबर: दूसरा T20I, वडोदरा (दोपहर 1 बजे)
- 1 दिसंबर: तीसरा T20I, सूरत (शाम 6 बजे)
- 3 दिसंबर: चौथा T20I, सूरत (शाम 6 बजे )
- 6 दिसंबर: पांचवां T20, सूरत (दोपहर 1 बजे)
भारत की अंडर-19 टीम
भाविका अहीरे (कप्तान और विकेटकीपर), इरा जाधव, निधि महतो, पूर्वा सिवाच, मेहक नरवसे, मैत्री मनियार, ईश्वरी अवसारे, दीया यादव, श्रेया एस चव्हाण (विकेटकीपर), समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काश्वी, अचसा परमार, अनादी टागड़े (उपकप्तान) और पलक सिंह।










