भारत के श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को चोटों के मोर्चे पर बड़ा झटका लगा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से लगभग बाहर हो गए हैं।
IND vs SL Test Series: श्रीलंका के आगामी दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियों को खिलाड़ियों की फिटनेस से जुड़ी कई चिंताओं ने प्रभावित किया है। स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर के 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से बाहर रहने की संभावना है। वहीं ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज हर्षित राणा के दो मैचों की पूरी टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होने की आशंका जताई जा रही है।
भारत को श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैच खेलने हैं। सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त के बीच गॉल में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी मैदान पर प्रस्तावित है। हालांकि, भारतीय टीम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है और चयनकर्ताओं की नजर खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
मंगलवार को हो सकता है भारतीय टीम का ऐलान
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा मंगलवार को किए जाने की संभावना है। इससे पहले मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति को कई खिलाड़ियों की फिटनेस स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है। टीम चयन के दौरान सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि कौन-कौन से प्रमुख खिलाड़ी पूरी तरह फिट हैं और दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
वॉशिंगटन सुंदर की चोट ने टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। इंग्लैंड दौरे के दौरान सीमित ओवरों की सीरीज में उनके पैर में चोट लगी थी। मौजूदा स्थिति को देखते हुए वह गॉल में होने वाले पहले टेस्ट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। हालांकि, उनकी रिकवरी तेज रहती है तो दूसरे टेस्ट के लिए उनके नाम पर विचार किया जा सकता है।
बुमराह की फिटनेस पर भी नजर
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के सबसे महत्वपूर्ण सदस्य जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता भी अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए अंतिम वनडे मुकाबले में उन्हें टक्कर के कारण लगी चोट की वजह से मैदान से बाहर रहना पड़ा था। अब उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा और उसके बाद ही श्रीलंका दौरे पर उनके खेलने को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
अगर बुमराह उपलब्ध नहीं होते हैं, तो भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण में मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाजों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ सकती है। दूसरी ओर, आकाश दीप अभी स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने की प्रक्रिया में हैं। उन्हें फिलहाल सीमित गेंदबाजी की अनुमति मिली है और वह अभी 'रिटर्न टू प्ले' प्रोटोकॉल के शुरुआती चरण में हैं।

वॉशिंगटन की जगह किसे मिल सकता है मौका?
वॉशिंगटन सुंदर की अनुपस्थिति में भारतीय चयनकर्ताओं के सामने स्पिन विभाग को संतुलित करने की चुनौती होगी। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ मानव सुथार टीम में विकल्प हो सकते हैं, लेकिन चौथे स्पिनर की जगह भरना चयनकर्ताओं के लिए अहम फैसला होगा। इस दौड़ में सरांश जैन को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।
उन्होंने हाल ही में श्रीलंका-ए के खिलाफ दो मुकाबलों में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए छह विकेट हासिल किए और नाबाद 70 रन की पारी भी खेली। उनके अलावा लेग स्पिनर जीशान अंसारी और विप्रज निगम भी चयन की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, विप्रज को फिलहाल सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए अधिक उपयुक्त माना जाता है।
रेड्डी और हर्षित की उपलब्धता पर भी सवाल
नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा की फिटनेस भी भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। दोनों खिलाड़ियों के पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण श्रीलंका दौरे के लिए उनके चयन की संभावना कम बताई जा रही है। यदि दोनों खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो इससे भारत के पास मौजूद ऑलराउंड और तेज गेंदबाजी विकल्प सीमित हो सकते हैं।
ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने श्रीलंका की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संतुलित टीम तैयार करने की चुनौती होगी। स्पिन के अनुकूल मानी जाने वाली परिस्थितियों में भारत की रणनीति खिलाड़ियों की फिटनेस और उपलब्धता पर काफी हद तक निर्भर करेगी।










