भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है। इस अहम सीरीज से पहले भारतीय टीम 7 अगस्त से श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबला खेल रही है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट टीम के लिए श्रीलंका दौरे की शुरुआत से पहले कप्तान शुभमन गिल की चोट ने चिंता बढ़ा दी है। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले गिल अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साफ किया है कि फिलहाल उन्हें पूरी सीरीज से बाहर नहीं किया गया है और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऐसे में टीम इंडिया अपने प्रमुख बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।
वॉर्मअप मैच में नहीं उतरे शुभमन गिल
श्रीलंका XI के खिलाफ खेले जा रहे तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबले के पहले दिन शुभमन गिल मैदान पर नहीं उतरे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल ने संभाली। राहुल ने ही टॉस के दौरान भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और मैदान पर कप्तान की भूमिका निभाई।गौरतलब है कि टेस्ट सीरीज के लिए केएल राहुल को शुभमन गिल का उपकप्तान बनाया गया है। ऐसे में गिल की अनुपस्थिति में राहुल को नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला।
कैसे लगी शुभमन गिल को चोट?

BCCI ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि शुभमन गिल को गुरुवार को टीम के अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगी थी। उनके दाएं हाथ की रिंग फिंगर में परेशानी आई, जिसके बाद मेडिकल टीम ने उन्हें आराम देने का फैसला किया। BCCI ने अपने अपडेट में कहा कि एहतियात के तौर पर गिल को श्रीलंका XI के खिलाफ वॉर्मअप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतारा गया।
टीम की मेडिकल यूनिट उनकी चोट की स्थिति का आकलन कर रही है। फिलहाल बोर्ड ने यह जानकारी नहीं दी है कि गिल की चोट कितनी गंभीर है या उन्हें ठीक होने में कितना समय लगेगा।
क्या पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो सकते हैं गिल?
शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह श्रीलंका के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो जाएंगे? हालांकि, अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। BCCI के अपडेट से संकेत मिलता है कि चोट गंभीर नहीं मानी जा रही है और गिल को सिर्फ सावधानी के तौर पर आराम दिया गया है।
अगर वह वॉर्मअप मैच के अगले दिनों में मैदान पर वापसी करते हैं, तो यह भारतीय टीम के लिए राहत की खबर होगी। लेकिन अगर उनकी चोट लंबे समय तक बनी रहती है तो टीम इंडिया के बल्लेबाजी संयोजन पर इसका असर पड़ सकता है।











