Pune

IndiGo: बेंगलुरु जा रही इंडिगो फ्लाइट में पेट्रोल जैसी गंध, टेकऑफ से पहले रद्द हुई उड़ान

IndiGo: बेंगलुरु जा रही इंडिगो फ्लाइट में पेट्रोल जैसी गंध, टेकऑफ से पहले रद्द हुई उड़ान

प्रयागराज से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो फ्लाइट को टेकऑफ से पहले केबिन में ईंधन जैसी गंध आने के कारण रद्द कर दिया गया। यात्रियों को रीरूटिंग और रिफंड विकल्प दिए गए।

IndiGo: प्रयागराज एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-6036 को सोमवार को टेकऑफ से ठीक पहले रद्द कर दिया गया। विमान में बैठे यात्रियों ने पेट्रोल जैसी गंध की शिकायत की, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया।

केबिन में महसूस हुई पेट्रोल जैसी गंध

इंडिगो की यह फ्लाइट प्रयागराज से बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली थी। फ्लाइट में बैठे यात्रियों के अनुसार टेकऑफ में काफी देर हो चुकी थी और कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। इसी बीच कुछ यात्रियों ने विमान के अंदर पेट्रोल या ईंधन जैसी गंध महसूस की। यात्रियों की ओर से यह जानकारी क्रू को दी गई। कुछ देर बाद पायलट ने एनाउंसमेंट किया कि सभी यात्री अपना सामान लेकर विमान से बाहर आ जाएं।

फ्लाइट में सवार थे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र

इस फ्लाइट में कई छात्र सवार थे, जिनमें बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLSIU) के छात्र भी शामिल थे। एक छात्र ने बताया कि टेकऑफ से पहले काफी समय तक विमान रनवे पर ही खड़ा रहा। इसके बाद फ्लाइट स्टाफ और पायलट के बीच कुछ समय तक बातचीत होती रही और फिर यह निर्णय लिया गया कि सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया जाए। इसके तुरंत बाद फ्लाइट को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया गया।

यात्रियों को मिला रीरूटिंग और रिफंड का विकल्प

फ्लाइट रद्द होने के बाद इंडिगो की ओर से यात्रियों को सूचित किया गया कि तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों या पूर्ण धनवापसी (फुल रिफंड) का विकल्प दिया। वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और वाराणसी जैसे नजदीकी शहरों से की गई।

प्रयागराज से लखनऊ तक कैब सेवा भी उपलब्ध

जिन यात्रियों को लखनऊ से फ्लाइट मिली, उनके लिए इंडिगो ने प्रयागराज से लखनऊ एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए कैब सेवा भी मुहैया कराई। यात्रियों को यह बताया गया कि अन्य फ्लाइट्स में समायोजन 'फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व' आधार पर किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया में एयरलाइन के स्टाफ ने यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा।

परिजन भी पहुंचे एयरपोर्ट

फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलने के बाद कई यात्रियों के परिजन भी एयरपोर्ट पहुंच गए। कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी साझा की और इंडिगो से पारदर्शिता की मांग की।

एयरपोर्ट प्रशासन की सफाई

प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक मुकेश चंद्र उपाध्याय ने इस मामले में बयान जारी करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाल ही में देश के अन्य हिस्सों में तकनीकी खामियों की कुछ घटनाएं सामने आई हैं, जिसके मद्देनजर प्रयागराज एयरपोर्ट पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जैसे ही विमान के केबिन में किसी प्रकार की गंध महसूस की गई, फ्लाइट को तत्काल रद्द करने का निर्णय लिया गया।

Leave a comment