Rhea Chakraborty Birthday: छोटे पर्दे से बड़े विवाद तक, एक अधूरी उड़ान की कहानी

रिया चक्रवर्ती ने छोटे पर्दे से करियर शुरू किया और बड़े विवादों में फंसकर अपनी उड़ान अधूरी छोड़ दी। उनके जन्मदिन पर जानिए उनकी जिंदगी के उतार-चढ़ाव और करियर

अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती आज अपना 33वां जन्मदिन मना रही हैं। रिया को लोग उनकी एक्टिंग या फिल्मों से कम, बल्कि सुशांत सिंह राजपूत के साथ जुड़कर हुए विवादों की वजह से ज्यादा पहचानते हैं। 

एंटरटेनमेंट: रिया चक्रवर्ती का नाम आज किसी परिचय का मोहताज नहीं है। कभी एमटीवी वीजे से लेकर बॉलीवुड की अदाकारा बनने का उनका सपना कई युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा रहा, लेकिन सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद जैसे उनकी जिंदगी ही बदल गई। रिया आज 33 साल की हो गई हैं, लेकिन उनका करियर, विवादों और संघर्ष की कहानियों से कहीं ज्यादा पहचाना जाता है। 

उनके जन्मदिन पर जानते हैं कि कैसे एक आर्मी बैकग्राउंड की यह लड़की ग्लैमर इंडस्ट्री में तो आई, मगर तमाम कोशिशों के बावजूद उसे कभी भी एक सोलिड हिट फिल्म का स्वाद चखने का मौका नहीं मिला।

आर्मी फैमिली की बेटी, बचपन से आत्मनिर्भर

Rhea Chakraborty Birthday: छोटे पर्दे से बड़े विवाद तक, एक अधूरी उड़ान की कहानी

रिया चक्रवर्ती का जन्म 1 जुलाई 1992 को बेंगलुरु, कर्नाटक में हुआ था। वह एक बंगाली परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता इंडियन आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल थे। सेना के माहौल में पली-बढ़ी रिया ने बचपन से ही अनुशासन और आत्मनिर्भरता सीखी, लेकिन उनका मन ग्लैमर और कैमरे की दुनिया की ओर खिंचता चला गया।

टीवी से रखी पहचान की नींव

रिया ने अपने करियर की शुरुआत साल 2009 में एमटीवी के शो ‘टीन दिवा’ में बतौर कंटेस्टेंट की थी, जहां वह फर्स्ट रनर-अप रहीं। इसके बाद उन्हें एमटीवी पर वीजे बनने का मौका मिला और यहीं से वह युवाओं में पहचानी जाने लगीं। एमटीवी पर रहते हुए उन्होंने कई पॉपुलर शोज होस्ट किए, जिससे उनका कॉन्फिडेंस और पर्सनैलिटी दोनों निखरती चली गई।

रिया ने 2012 में तेलुगु फिल्म ‘तुनीगा तुनीगा’ से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। 2013 में बॉलीवुड में उनकी एंट्री हुई फिल्म ‘मेरे डैड की मारुति’ से, जो युवाओं को टारगेट करती थी और उनका रोल नोटिस भी किया गया। मगर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा धमाका नहीं कर सकी। इसके बाद उन्होंने ‘सोनाली केबल’, ‘बैंक चोर’, ‘हाफ गर्लफ्रेंड’, ‘दोबारा’, ‘जलेबी’ जैसी फिल्मों में काम किया। 

Rhea Chakraborty Birthday: छोटे पर्दे से बड़े विवाद तक, एक अधूरी उड़ान की कहानी

लेकिन एक भी फिल्म ऐसी नहीं रही जो रिया को स्टार बना सके। उनकी किस्मत तब भी नहीं चमकी जब वह 2021 में अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी जैसे बड़े सितारों के साथ ‘चेहरे’ में नजर आईं, क्योंकि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही।

सुशांत केस ने बदली जिंदगी

रिया चक्रवर्ती के जीवन में भूचाल तब आया जब 2020 में उनके बॉयफ्रेंड और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की खबर आई। देशभर में हंगामा मच गया और रिया को सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों तक पर कठघरे में खड़ा कर दिया गया। उन पर मानसिक उत्पीड़न, ड्रग्स कनेक्शन जैसे गंभीर आरोप लगे। एनसीबी ने उन्हें गिरफ्तार भी किया और वह करीब एक महीने जेल में रहीं। इस दौरान उनका करियर तो जैसे ठप ही पड़ गया, ऊपर से समाज में उनकी छवि भी बुरी तरह प्रभावित हुई। 

करीब पांच साल चली जांच के बाद आखिरकार 2025 में सीबीआई ने रिया को क्लीन चिट दे दी, लेकिन इस दौरान रिया ने जिस तरह का ट्रोलिंग, मानसिक दबाव और बहिष्कार झेला, वो शायद ही कोई भूल सके।

Rhea Chakraborty Birthday: छोटे पर्दे से बड़े विवाद तक, एक अधूरी उड़ान की कहानी

रियलिटी शो और बिजनेस की ओर रुख

फिल्मों में कम मौके मिलने के बाद रिया ने रियलिटी शो में अपनी किस्मत आजमाई। वह एमटीवी ‘रोडीज’ में गैंग लीडर के रूप में दिखीं और दर्शकों को उनका यह नया अवतार पसंद आया। इसके अलावा रिया ने अपने भाई शौविक के साथ मिलकर एक क्लोदिंग ब्रांड भी लॉन्च किया और खुद को बिजनेसवुमन के तौर पर खड़ा किया।

Leave a comment