टी20 विश्व कप 2026 के सुपर आठ चरण में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। कप्तान हैरी ब्रूक की शानदार शतकीय पारी ने इंग्लैंड को लक्ष्य का पीछा सफलतापूर्वक पूरा करने में मदद की।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को दो विकेट से हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में आठ विकेट पर 166 रन बनाकर जीत हासिल की। इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने शतकीय पारी खेली और सर्वाधिक 100 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुँचाने में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर आठ में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
पाकिस्तान की पारी
![]()
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने सबसे बड़ी पारी खेली और 45 गेंदों में 63 रन बनाए। उन्होंने सात चौके और दो छक्कों की मदद से टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर दिलाया। इसके अलावा फखर जमां ने 25 रन, शादाब खान ने 23 रन और उस्मान खान ने 8 रन बनाए। तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड को शुरुआती झटके दिए।
इंग्लैंड की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शाहीन अफरीदी ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट और जोस बटलर को पवेलियन भेजा। इसके बाद पावरप्ले में जैकब बेथेल भी आउट हो गए। लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक ने जिम्मेदारी निभाते हुए शानदार खेल दिखाया। ब्रूक ने 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 50 गेंदों पर शतक जड़ते हुए इंग्लैंड को जीत दिलाई।
![]()
ब्रूक टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में व्यक्तिगत स्कोर के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। ब्रूक टी20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक बनाने वाले चौथे बल्लेबाज भी बन गए हैं।
ब्रूक के अलावा इंग्लैंड की बल्लेबाजी संघर्षपूर्ण रही। विल जैक्स ने 28 रन और सैम करन ने 16 रन बनाए। मैच के अंतिम क्षणों में इंग्लैंड को केवल 3 रन चाहिए थे और आठ विकेट गिर चुके थे। अंतिम ओवर में सलमान मिर्जा गेंदबाजी के लिए आए, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर चौका मारकर टीम को जीत दिला दी।









