मध्य प्रदेश के सौंसर में इंस्टाग्राम के जरिए बने रिश्ते का दर्दनाक अंत हो गया। गुजरात से मिलने आए युवक की कथित तौर पर उसकी प्रेमिका ने विवाद के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया है।
सौंसर: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी हत्या के मामले में बदल गई। पुलिस के अनुसार गुजरात निवासी युवक अपनी महिला मित्र से मिलने मध्य प्रदेश के सौंसर पहुंचा था, जहां दोनों के बीच बच्चों को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद महिला ने युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोनों की पहचान
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुजरात के बनासकांठा निवासी 30 वर्षीय आकाश की पहचान करीब तीन महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए सौंसर क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय महिला से हुई थी। सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और लगातार संपर्क बना रहा।
महिला दो बच्चों की मां है और उसके पति की करीब आठ महीने पहले मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद वह जामसांवली मंदिर क्षेत्र के पास एक खेत में बनी झोपड़ी में रहकर मजदूरी करती थी।
गुजरात से मिलने पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से महिला ने युवक से बातचीत कम कर दी थी। इससे परेशान होकर आकाश सीधे गुजरात से सौंसर पहुंच गया। रविवार शाम वह महिला से मिलने उसकी झोपड़ी पर पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान युवक ने महिला पर बच्चों को छोड़कर उसके साथ गुजरात चलने का दबाव बनाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बहस धीरे-धीरे बढ़ती गई और मामला हिंसक हो गया।
विवाद के बाद महिला ने किया हमला
जांच में सामने आया है कि गुस्से में महिला ने अपनी ओढ़नी से युवक का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात में झोपड़ी में शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पहचान की और मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच की। जांच के दौरान महिला से संपर्क के सबूत मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआती पूछताछ में महिला ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
सौंसर थाना प्रभारी रूपलाल उईके के अनुसार आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










