Delhi Capitals ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Kolkata Knight Riders को 40 रनों से हरा दिया। Eden Gardens में रविवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली ने KL Rahul की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 203 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई।
स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2026 के लीग चरण का रोमांचक अंत रविवार को ईडन गार्डन्स में हुआ, जहां Delhi Capitals ने Kolkata Knight Riders को 40 रन से हराकर अपने अभियान का सकारात्मक समापन किया। इस जीत के साथ दिल्ली ने सीजन का अंत जीत के साथ किया, जबकि कोलकाता की टीम सातवें स्थान पर रही। साथ ही टूर्नामेंट के प्लेऑफ के लिए चारों टीमों की तस्वीर भी पूरी तरह साफ हो गई।
अब आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में Royal Challengers Bengaluru, Gujarat Titans, Sunrisers Hyderabad और Rajasthan Royals अपनी जगह बना चुकी हैं। पहला क्वालिफायर 26 मई को धर्मशाला में आरसीबी और गुजरात के बीच खेला जाएगा, जबकि 27 मई को मुल्लांपुर में हैदराबाद और राजस्थान के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा।
केएल राहुल की तूफानी पारी से दिल्ली ने बनाया बड़ा स्कोर

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल और KL Rahul ने तेज शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। पोरेल ने 18 गेंदों में 22 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल थे। इसके बाद युवा बल्लेबाज साहिल परख ने राहुल का अच्छा साथ निभाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। साहिल ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए।
हालांकि दिल्ली ने 125 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन राहुल ने कप्तान Axar Patel के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे। राहुल ने सिर्फ 30 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने मैच का रुख दिल्ली की ओर मोड़ दिया। अक्षर पटेल ने भी 25 गेंदों में 39 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि David Miller ने 19 गेंदों में 28 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 203/5 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
कोलकाता की ओर से सौरभ दुबे सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने दो विकेट लिए। वहीं, Sunil Narine, वरुण चक्रवर्ती और अनुकूल रॉय को एक-एक सफलता मिली।
रहाणे की संघर्षपूर्ण पारी भी नहीं दिला सकी जीत

204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर ने तेज शुरुआत की। कप्तान Ajinkya Rahane और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। फिन एलन ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए। इसके बाद रहाणे ने मनीष पांडे के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। मनीष पांडे ने 16 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेली।
रहाणे एक छोर से लगातार रन बनाते रहे और उन्होंने 39 गेंदों में 63 रन की शानदार कप्तानी पारी खेली। उनकी इस पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल थे। हालांकि, दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे, जिससे टीम दबाव में आ गई। रहाणे के आउट होने के बाद मैच पूरी तरह दिल्ली के पक्ष में चला गया। कुलदीप यादव ने लगातार गेंदों पर रहाणे और रिंकू सिंह को आउट कर केकेआर की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। हालांकि वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके।
रोवमन पॉवेल ने 21 गेंदों में 29 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी केकेआर टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की ओर से Kuldeep Yadav और Lungi Ngidi ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, Mitchell Starc ने दो विकेट झटके। दिल्ली कैपिटल्स ने 14 मैचों में सात जीत के साथ 14 अंक हासिल किए और टीम छठे स्थान पर रही। दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स ने छह मुकाबले जीते, सात हारे और एक मैच बारिश के कारण रद्द रहा। टीम 13 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रही।











