IPL 2027: सौरव गांगुली को मिली बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया हेड कोच

IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स ने सौरव गांगुली को टीम का नया हेड कोच बनाया है। IPL के अगले सीजन में गांगुली नई भूमिका में टीम की कमान संभालते नजर आएंगे।

दिल्ली कैपिटल्स ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। गांगुली इससे पहले भी दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ काम कर चुके हैं और महिला व पुरुष टीमों में डायरेक्टर की भूमिका निभा चुके हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी टीम के कोचिंग सेटअप में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली को नया हेड कोच नियुक्त किया है। गांगुली के लिए दिल्ली कैपिटल्स कोई नई फ्रेंचाइजी नहीं है। वह लंबे समय से इस टीम के साथ अलग-अलग भूमिकाओं में जुड़े रहे हैं और अब पहली बार आईपीएल में दिल्ली की पुरुष टीम के मुख्य कोच के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।

गांगुली इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी के पुरुष और महिला दोनों टीमों के साथ डायरेक्टर की भूमिका में काम कर चुके हैं। उनके अनुभव को देखते हुए फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि वह टीम को लंबे समय बाद आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

हेमंग बदानी की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स में हेमंग बदानी की जगह लेंगे। बदानी ने पिछले दो आईपीएल सीजन में टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में दिल्ली की टीम लगातार दो बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने पांचवें स्थान पर अपना अभियान समाप्त किया था, जबकि 2026 में टीम छठे पायदान पर रही। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने अब कोचिंग नेतृत्व में बदलाव का फैसला किया है।

सिर्फ हेड कोच ही नहीं, बल्कि सपोर्ट स्टाफ में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल, सहायक कोच इयान बेल और टीम डायरेक्टर वेणुगोपाल राव को आगे बरकरार नहीं रखा गया है। माना जा रहा है कि गांगुली अपनी पसंद के सपोर्ट स्टाफ के साथ नई टीम तैयार करना चाहते हैं।

2019 से दिल्ली फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं गांगुली

सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ पुराना रिश्ता रहा है। वह 2019 से फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने टीम की रणनीति और क्रिकेट संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में भूमिका निभाई। गांगुली के पास भारतीय क्रिकेट के अलावा फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी प्रशासन और कोचिंग का अनुभव है। वह बतौर खिलाड़ी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं और टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

हाल ही में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच की भूमिका भी निभाई थी। उनकी टीम ने उस सीजन फाइनल तक का सफर तय किया था। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद होगी कि उनका यह अनुभव आईपीएल में भी टीम के काम आएगा।

क्या युवराज सिंह भी जुड़ सकते हैं?

सौरव गांगुली की नियुक्ति के बाद दिल्ली कैपिटल्स के संभावित नए सपोर्ट स्टाफ को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह का नाम इस कड़ी में सामने आ रहा है। हालांकि, युवराज सिंह के दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर ऐसा होता है तो गांगुली और युवराज की जोड़ी टीम के लिए काफी दिलचस्प हो सकती है। दोनों ने भारतीय क्रिकेट के लिए लंबे समय तक साथ खेला है और बड़े टूर्नामेंट का अनुभव रखते हैं।

हेड कोच बनने के बाद क्या बोले गांगुली?

दिल्ली कैपिटल्स की जिम्मेदारी मिलने के बाद सौरव गांगुली ने फ्रेंचाइजी के साथ अपने पुराने रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह आईपीएल में टीम के हेड कोच की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हैं। उनके मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स उनके लिए हमेशा खास फ्रेंचाइजी रही है और पिछले वर्षों में उनके साथ संबंध और मजबूत हुए हैं।

गांगुली का लक्ष्य एक ऐसी टीम तैयार करना है जो मजबूत होने के साथ-साथ मैदान पर निडर क्रिकेट खेले। अब देखना होगा कि वह दिल्ली के मौजूदा खिलाड़ियों और नए सपोर्ट स्टाफ के साथ किस तरह की रणनीति तैयार करते हैं।

Leave a comment