इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए अबू धाबी में आयोजित मिनी नीलामी में कुल पांच खिलाड़ियों पर 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक की बड़ी बोली लगी, जिनमें तीन विदेशी और दो भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के लिए आयोजित मिनी ऑक्शन ने क्रिकेट जगत में एक बार फिर हलचल मचा दी है। मंगलवार को अबू धाबी में हुई इस नीलामी में कई बड़े और चौंकाने वाले सौदे देखने को मिले। खास बात यह रही कि इस बार न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय सितारों पर करोड़ों की बोली लगी, बल्कि भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों ने भी इतिहास रच दिया। कुल मिलाकर पांच खिलाड़ियों को 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक की कीमत मिली, जिसने इस ऑक्शन को बेहद खास बना दिया।
कैमरन ग्रीन: IPL 2026 के सबसे महंगे खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन IPL 2026 नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके साथ ही ग्रीन IPL इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। इतना ही नहीं, वह केकेआर के इतिहास के भी सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। उनकी ऑलराउंड क्षमता और अंतरराष्ट्रीय अनुभव ने फ्रेंचाइजी को इतनी बड़ी बोली लगाने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे श्रीलंका के युवा और घातक तेज गेंदबाज मथिशा पाथिराना। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले पाथिराना को भी केकेआर ने ही 18 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा। उनकी तेज रफ्तार और यॉर्कर डालने की काबिलियत को देखते हुए टीमों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला।
अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों ने रचा इतिहास
IPL 2026 ऑक्शन की सबसे बड़ी खासियत भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों पर लगी रिकॉर्ड तोड़ बोली रही। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को 14.20-14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। दोनों खिलाड़ियों की बेस प्राइस महज 30 लाख रुपये थी। इसके साथ ही कार्तिक और प्रशांत IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बन गए। यह साफ संकेत है कि फ्रेंचाइजियां अब घरेलू टैलेंट पर भी बड़ा दांव लगाने से नहीं हिचक रही हैं।
इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन के लिए यह नीलामी किसी रोलर-कोस्टर से कम नहीं रही। पहले राउंड में अनसोल्ड रहने के बाद आखिरकार उनकी किस्मत चमकी। 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले लिविंगस्टोन को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 13 करोड़ रुपये में खरीदा। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी ने उन्हें टॉप-5 महंगे खिलाड़ियों की सूची में जगह दिलाई।

नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी
- कैमरन ग्रीन- 25.20 करोड़ रुपये
- मथीशा पथिराणा- 18 करोड़ रुपये
- कार्तिक शर्मा- 14.20 करोड़ रुपये
- प्रशांत वीर- 14.20 करोड़ रुपये
- लियाम लिविंगस्टोन- 13 करोड़ रुपये
- मुस्तफिज़ुर रहमान- 9.20 करोड़ रुपये
- जोश इंग्लिस- 8.60 करोड़ रुपये
- आकिब डार- 8.40 करोड़ रुपये
- रवि बिश्नोई- 7.20 करोड़ रुपये
- जेसन होल्डर- 7 करोड़ रुपये
- वेंकटेश अय्यर- 7 करोड़ रुपये
- राहुल चाहर- 5.20 करोड़ रुपये











