आमेर के वार्ड 149 में कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के टिकट का विरोध हुआ। प्रचार के दौरान विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा की गाड़ी घेरकर काले झंडे दिखाए गए और कुछ प्रदर्शनकारी वाहन पर चढ़ गए।
जयपुर: नगर निकाय चुनाव से पहले आमेर के वार्ड नंबर 149 में कांग्रेस प्रत्याशी के टिकट को लेकर विरोध सामने आया है। हांडीपुरा इलाके में प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के समर्थन में पहुंचे आमेर विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए, नारेबाजी की और विधायक की गाड़ी को घेरकर रोकने का प्रयास किया।
प्रत्याशी के टिकट को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी
शनिवार शाम आमेर के हांडीपुरा इलाके में कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के समर्थन में विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा पहुंचे थे। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और कांग्रेस प्रत्याशी को टिकट दिए जाने का विरोध शुरू कर दिया।
![]()
प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की। देखते ही देखते विरोध बढ़ गया और कुछ लोग विधायक व प्रत्याशी की गाड़ी के पास पहुंचकर उसे रोकने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों की नाराजगी मुख्य रूप से वार्ड 149 से निवर्तमान पार्षद अंजलि ब्रह्मभट्ट को कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर बताई जा रही है।
प्रदर्शनकारी गाड़ी पर चढ़े, नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप
विरोध के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी के ऊपर भी चढ़ गए। वहीं, कुछ लोगों पर वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान समर्थकों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
हालात बिगड़ने पर विधायक को वहां से निकालने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद समर्थकों की मदद से विधायक की गाड़ी को वहां से बाहर निकाला गया।
चुनाव से पहले कांग्रेस के सामने बढ़ी चुनौती
नगर निकाय चुनाव की वोटिंग नजदीक आने के साथ जयपुर में टिकट वितरण को लेकर विवाद बढ़ता दिखाई दे रहा है। वार्ड 149 में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ खुलकर हुआ विरोध पार्टी के लिए चुनौती बन सकता है।
कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी गाड़ी पर चढ़कर तोड़फोड़ करने की कोशिश की और उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जानबूझकर विवाद की स्थिति पैदा की गई, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए उचित नहीं है। ब्रह्मभट्ट ने संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।










