राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। दौसा के महवा में 105 MM बारिश से घर-दुकानों में पानी भर गया। जयपुर समेत कई जिलों में तापमान गिरा, जबकि आज 20 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
जयपुर: राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। दौसा के महवा में पिछले 24 घंटे में 105 MM बारिश दर्ज होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया और घर-दुकानों में पानी घुस गया। जयपुर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज भी 20 जिलों में बारिश की चेतावनी दी है।
दौसा के महवा में 2 से ढाई फीट तक भरा पानी
दौसा जिले के महवा में बारिश का दौर चौथे दिन भी जारी है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक हुई तेज बारिश के बाद मुख्य बाजार की सड़कें पानी में डूब गईं। कई दुकानों और घरों के अंदर 2 से ढाई फीट तक पानी भर गया। पिछले 24 घंटे में महवा में 105 MM बारिश दर्ज की गई है।
![]()
ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का असर फसलों पर भी पड़ा है। खड़ी और कटी हुई बाजरे की फसलों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश के कारण इलाके में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
जयपुर समेत कई जिलों में गिरा तापमान
पूर्वी राजस्थान में लगातार दो दिन से हो रही बारिश के चलते कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक नीचे आ गया। जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, दौसा और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। इससे दिन में भी मौसम में ठंडक बनी रही।
जयपुर के ग्रामीण इलाकों में शनिवार को 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई। जमवारामगढ़ में 59 MM, बस्सी में 49 MM, शाहपुरा में 47 MM, आमेर में 42 MM, जोबनेर में 43 MM और कोटखावदा में 35 MM बारिश दर्ज की गई। जयपुर शहर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
कई बांधों के गेट खोले गए
तेज बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सवाई माधोपुर, बारां, बूंदी और कोटा में कई जगह नदियों पर बनी रपट पानी में डूब गई हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
भरतपुर के बंध बारैठा बांध के 2 गेट, धौलपुर के पार्वती बांध के 2 गेट, झालावाड़ के कालीसिंध बांध के 3 गेट और कोटा के नवनेरा बांध के 7 गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। वहीं धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध भी ओवरफ्लो हो गया।
8 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से जयपुर और भरतपुर संभाग में आज भी कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज और भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बारिश का दौर 8 सितंबर तक जारी रह सकता है। इसके बाद करीब एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है।
अजमेर में शनिवार को 24 घंटे में 24 MM बारिश दर्ज हुई और अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज हुआ और 6 सितंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उदयपुर में शनिवार को बारिश नहीं हुई और अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा।
पश्चिमी राजस्थान में हालांकि स्थिति अलग बनी हुई है। जोधपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि करीब एक महीने से बारिश नहीं हुई है। सीकर में शनिवार दोपहर करीब 15 मिनट तक अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में राहत मिली।









