जौनपुर जिले के बढ़ौना गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर के पास धान कुटाई मशीन के पास खेल रहा दो वर्षीय बालक मशीन में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान युग मौर्य, पुत्र विकास मौर्य के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युग अपने पिता के पास खेल रहा था, इसी दौरान उसका हाथ चल रही धान कुटाई मशीन में फंस गया। परिजन उसे गंभीर हालत में तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि युग चार बहनों में इकलौता भाई था और हाल ही में उसका जन्मदिन मनाया गया था, जिससे परिवार का दुख और गहरा हो गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने ऐसे हादसों से बचाव के लिए कृषि मशीनों के उपयोग में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की मांग की है।











