झाबुआ के नारेला गांव में नाबालिग पत्नी ने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शादी समारोह में शामिल हुई और डांस किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। परिजन किसी और की संलिप्तता का शक जता रहे हैं।
Madhya Pradesh: नारेला गांव, जो झाबुआ जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर है, 27 जनवरी की रात शादी के जश्न में डूबा हुआ था। गांव के थावरसिंह माल के बेटे बंटी की शादी थी। मामेरा की रस्म के बाद परिवार और समाज के लोग दावत में शामिल हुए। इस दावत में 17 साल की नाबालिग दुल्हन भी अपने पति कैलाश के साथ मौजूद थी। कैलाश उससे उम्र में करीब 9 साल बड़ा था, लेकिन पत्नी उसे प्यार से “नाना” कहकर बुलाती थी। दोनों ने साथ खाना खाया और देर रात तक डीजे की धुन पर डांस किया।
जब बुजुर्गों ने देर रात नाच-गाना बंद कर सोने को कहा, तो सभी अपने-अपने घर चले गए। कैलाश भी पत्नी के साथ घर आया। इसी दौरान दोनों के बीच तेज आवाज में झगड़ा हुआ। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
28 जनवरी की सुबह: लाश के सामने श्रृंगार और बीयर
अगले दिन सुबह करीब 9:30 बजे बारात निकलने की तैयारी शुरू हो गई। घर के बाहर घोड़ी और डीजे पहुंच चुके थे। इसी दौरान कैलाश के घर में सन्नाटा पसरा हुआ था। कैलाश की नाबालिग पत्नी उसी कमरे में बैठकर श्रृंगार कर रही थी, जहां उसका पति मृत अवस्था में पड़ा था।

जब भतीजी उसे कैलाश को जगाने कहने आई, तो उसने कहा कि वह सो रहे हैं और बारात में नहीं जाएंगे। इसके बाद उसने भतीजी से साड़ी पहनने में मदद ली। तैयार होकर वह शादी वाले घर पहुंची, वहां बीयर पी और घूंघट डालकर महिलाओं के साथ डांस किया। इसी दौरान उसके डांस का वीडियो भी सामने आया, जिसने पूरे गांव को चौंका दिया।
सुबह 11 बजे खुला राज
करीब 11 बजे कैलाश की बड़ी बहन लीला ने उसकी पत्नी से पूछा कि कैलाश कहां है। जवाब मिला-“आ रहे हैं।” शक होने पर लीला खुद उसके घर पहुंची। घर में कैलाश जमीन पर कंबल ओढ़े पड़ा था। जब उसे जगाने की कोशिश की गई तो कोई हलचल नहीं हुई।
कंबल हटाने पर शरीर ठंडा और अकड़ा हुआ मिला। यह देख लीला बदहवास होकर शादी वाले घर पहुंची और पूरी बात बताई। जब यह सब हो रहा था, तब भी आरोपी पत्नी डांस कर रही थी। खबर मिलते ही वह घर दौड़ी और जोर-जोर से रोने लगी।
पुलिस की कार्यवाई
पुलिस को सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। फोरेंसिक जांच के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने नाबालिग पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि उसने शादी के समय की पगड़ी से फंदा बनाकर कैलाश का गला घोंटा।
इधर, मृतक के परिजन इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे कि नाबालिग अकेले इतनी बड़ी वारदात कर सकती है। उनका कहना है कि हत्या में कोई और भी शामिल हो सकता है। पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।









