गुजरात के बोटाद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-इको की टक्कर में 3 मजदूरों की मौत

गुजरात के बोटाद जिले में ट्रक और इको कार की भीषण टक्कर में मध्यप्रदेश के तीन मजदूरों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर घायल हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

बोटाद जिले के राणपुर के पास ट्रक और इको कार की टक्कर में मध्यप्रदेश के तीन मजदूरों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर घायल हैं। सभी गुजरात मजदूरी के लिए जा रहे थे। पुलिस जांच में जुटी है।

Madhya Pradesh: गुजरात के बोटाद जिले के राणपुर इलाके के पास स्थित किनारा चौकड़ी पर शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार ट्रक और इको कार की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग सड़क पर गिरे हुए थे, जबकि कई यात्री कार के अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक बच्चा घायल अवस्था में तड़पता हुआ दिखाई दे रहा था।

मध्यप्रदेश से गुजरात मजदूरी के लिए निकला था परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इको कार (MP 09 DK 4398) में सवार सभी लोग मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले की नलखेड़ा तहसील के पनाला गांव के निवासी थे। ये सभी लोग गुजरात के राणपुर क्षेत्र के कुंडली गांव में कृषि मजदूरी करने जा रहे थे।

यात्रा के दौरान धंधुका की ओर जाने वाले हाईवे पर करीब दो किलोमीटर आगे ट्रक (GJ 03 BV 6005) से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़े। पाइप, लोहे की रॉड और अन्य साधनों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पालीयाद, राणपुर और नागनरे से एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंच गईं। घायलों को प्राथमिक इलाज देने के बाद बोटाद सिविल अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य पूरा किया और सड़क से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। मामले में ट्रक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Leave a comment