कांगड़ा के देहरा बस अड्डे पर बच्चे के अपहरण की कोशिश नाकाम, हरियाणा के दो आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा के देहरा बस अड्डे पर 6 साल के बच्चे को अगवा करने की कोशिश नाकाम हुई। पुलिस ने हरियाणा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा बस अड्डे पर छह साल के बच्चे को अगवा करने की कोशिश की गई। बस चालक की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने बाद में गिरफ्तार किया।

 कांगड़ा: देहरा बस अड्डे पर गुरुवार शाम एक छह साल के बच्चे को कथित तौर पर अगवा करने की कोशिश से हड़कंप मच गया। बस चालक की सतर्कता और यात्रियों की मदद से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भाग निकला था। पुलिस ने बाद में दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपी हरियाणा के रोहतक के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

बस में अकेला बैठा था बच्चा, तभी हुई संदिग्ध हरकत

जानकारी के अनुसार, ज्वालामुखी की ओर से आई बस में लगड़ू निवासी एक महिला अपने छह साल के बेटे के साथ सफर कर रही थी। देहरा बस अड्डे पर बस रुकने के बाद महिला कुछ सामान लेने नीचे उतर गई और बच्चा बस में ही बैठा रहा।

इसी दौरान बस चालक की नजर एक अनजान व्यक्ति पर पड़ी, जो सीट पर रखा महिला का बैग उठाकर बच्चे को साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। चालक को शक होने पर उसने तुरंत शोर मचाया।

चालक की सूझबूझ से पकड़ा गया आरोपी

चालक के शोर मचाते ही बस में मौजूद यात्रियों ने आरोपी को पकड़ लिया। इस बीच उसका एक साथी पिछले दरवाजे से भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस टीम ने भागे हुए दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की और उसे आयुर्वेदिक अस्पताल के पास स्थित नाले के पास से पकड़ लिया।

रोहतक के दो लोगों को पुलिस ने लिया हिरासत में

थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती शिकायत बैग चोरी की कोशिश को लेकर दी गई थी, लेकिन पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस ने हरियाणा के रोहतक निवासी वजीर कुमार और बंटी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a comment