कानपुर में साइबर ठगों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर एक रेस्टोरेंट संचालक को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया और 4 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कानपुर: डिजिटल अरेस्ट साइबर फ्रॉड का एक और मामला कानपुर में सामने आया है। साइबर ठगों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर एक रेस्टोरेंट संचालक को आतंकवादी फंडिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी और जांच के नाम पर 4 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CBI अधिकारी बनकर ठगों ने रची साजिश
कानपुर के जनरलगंज निवासी एक रेस्टोरेंट संचालक साइबर ठगों की डिजिटल अरेस्ट ठगी का शिकार हो गए। आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए खुद को CBI का अधिकारी बताते हुए दावा किया कि दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपियों के पास पीड़ित का आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी मिली है। साथ ही यह भी कहा गया कि उनके बैंक खाते का इस्तेमाल कथित तौर पर आतंकवादी फंडिंग में हुआ है।
![]()
इन आरोपों से घबराए कारोबारी को ठगों ने लगातार कॉल पर रखकर किसी से भी संपर्क न करने की चेतावनी दी और खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थिति बना दी।
सत्यापन के नाम पर खाते से ट्रांसफर कराए 4 लाख रुपये
ठगों ने पीड़ित से कहा कि जांच पूरी होने तक उनके बैंक खातों और संपत्ति की जांच की जाएगी। इसके बाद सत्यापन प्रक्रिया का हवाला देते हुए उनसे एसबीआई खाते से 4 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
अगले दिन आरोपियों ने जांच पूरी करने के नाम पर 17 लाख रुपये और जमा कराने का दबाव बनाया। लगातार बढ़ती मांग और संदिग्ध बातचीत के बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराई।
सात महीने बाद दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया। मामले में जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब सात महीने बाद बादशाहीनाका थाने में साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर साइबर टीम आरोपियों की पहचान करने और उनके बैंक खातों व डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने लोगों से बरतने की अपील की सावधानी
बादशाहीनाका थाना प्रभारी राहुल कटियार ने बताया कि मामले की जांच साइबर विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को CBI, पुलिस, ED, आयकर विभाग या किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर फोन पर पैसे ट्रांसफर करने, बैंक खाते की जानकारी देने या डिजिटल अरेस्ट की धमकी दे, तो उस पर तुरंत भरोसा न करें। ऐसी किसी भी कॉल की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर देकर पुलिस से संपर्क करें।









