Kevin Pietersen: इंग्लैंड टीम में केविन पीटरसन की वापसी, 2027 वर्ल्ड कप तक मिली बड़ी जिम्मेदारी

Kevin Pietersen की इंग्लैंड क्रिकेट टीम में वापसी हुई है। उन्हें व्हाइट-बॉल टीम का स्पेशलिस्ट मेंटर बनाया गया है और 2027 वर्ल्ड कप तक जिम्मेदारी मिली है।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन को पुरुषों की व्हाइट-बॉल टीम का स्पेशलिस्ट मेंटर नियुक्त किया है। पीटरसन की यह नई भूमिका 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक रहेगी।

Kevin Pietersen: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पुरुष क्रिकेट टीम को लेकर बड़ा फैसला किया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन को टीम के व्हाइट-बॉल सेटअप में विशेषज्ञ मेंटर नियुक्त किया गया है। पीटरसन की यह जिम्मेदारी 2027 वनडे विश्व कप तक रहेगी। इंग्लैंड की टीम को आगामी बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार करने में उनका अनुभव और विशेषज्ञता अहम भूमिका निभा सकती है।

केविन पीटरसन इंग्लैंड की पुरुष टीम के साथ वनडे इंटरनेशनल और टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में काम करेंगे। बतौर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबा अनुभव रखने वाले पीटरसन अब टीम के खिलाड़ियों को रणनीति, बल्लेबाजी और बड़े मुकाबलों के दबाव से निपटने को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

ऑस्ट्रेलिया दौरे से शुरू होगी नई जिम्मेदारी

केविन पीटरसन का इंग्लैंड टीम के साथ पहला असाइनमेंट ऑस्ट्रेलिया का आगामी व्हाइट-बॉल दौरा होगा। इसके बाद वह टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका का दौरा भी करेंगे। इसके अलावा पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के दौरान भी पीटरसन टीम के साथ जुड़ेंगे। ECB के इस फैसले का मुख्य उद्देश्य 2027 वनडे विश्व कप के लिए टीम को लंबे समय तक तैयार करना है। पीटरसन अगले 12 महीनों के दौरान टीम के साथ काम करते हुए खिलाड़ियों की क्षमता को बेहतर बनाने और विश्व कप की रणनीति तैयार करने में योगदान देंगे।

2027 का वनडे विश्व कप पीटरसन के लिए भी खास होगा, क्योंकि टूर्नामेंट का आयोजन उनके जन्मस्थान दक्षिण अफ्रीका में होना है। दक्षिण अफ्रीका के साथ जिम्बाब्वे और नामीबिया इस वैश्विक टूर्नामेंट की सह-मेजबानी करेंगे।

Kevin Pietersen: इंग्लैंड टीम में केविन पीटरसन की वापसी, 2027 वर्ल्ड कप तक मिली बड़ी जिम्मेदारी

ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग सेटअप का हिस्सा होंगे

केविन पीटरसन इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग ग्रुप में शामिल होंगे। इस सेटअप में मार्कस ट्रेस्कोथिक, टिम साउथी, सारा टेलर और जीतन पटेल जैसे नाम भी शामिल हैं। पीटरसन के पास आधुनिक क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट दोनों का व्यापक अनुभव है। वह इससे पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। 

ऐसे में इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल क्रिकेट सेटअप में उनकी नियुक्ति से टीम को मैदान के अंदर और बाहर दोनों स्तरों पर अनुभव का फायदा मिलने की उम्मीद है।उनका अनुभव खास तौर पर युवा खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दबाव वाले मुकाबलों का सामना कर चुके पीटरसन खिलाड़ियों को मैच परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेने और अपनी क्षमता पर भरोसा बनाए रखने में मदद कर सकते हैं।

2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनेंगे पीटरसन

मेंटॉर की नई भूमिका मिलने के बाद केविन पीटरसन ने इसे अपने लिए बेहद गर्व और सम्मान का अवसर बताया। ECB की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप को जीतने की दिशा में इंग्लैंड की टीम की मदद करने का मौका मिलना उनके लिए विशेष है। पीटरसन ने यह भी कहा कि 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनना उनके लिए भावनात्मक और खास अनुभव होगा। उन्होंने टीम की मौजूदा प्रतिभा पर भरोसा जताते हुए खिलाड़ियों की पूरी क्षमता सामने लाने के लिए मेहनत करने की बात कही।

Leave a comment