सेक्टर-70 में खुले नाले में खड़ी कार गिरने से बड़ा हादसा टल गया। ड्राइवर पहले ही उतर चुका था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए और नाले को ढकने की मांग दोहराई है।
Uttar Pradesh: घटना फेज-3 थाना क्षेत्र के बसई गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार, ड्राइवर ने सड़क किनारे कार खड़ी की और पास की दुकान से सामान लेने चला गया। इसी दौरान कार धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकती हुई खुले नाले में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार आधी नाले में फंसी हुई है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से कार को बाहर निकलवाया। गनीमत रही कि कार में कोई सवार नहीं था, वरना जान का नुकसान हो सकता था।
सुरक्षा इंतजामों की कमी पर उठे सवाल
![]()
जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां खुले नाले के आसपास न तो कोई बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी बोर्ड लगा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नाले को ढकने की मांग कई बार की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
रात के समय वहां रोशनी भी कम रहती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। यह घटना प्रशासन के लिए एक चेतावनी है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
कुछ दिन पहले ही नोएडा के सेक्टर-150 में पानी से भरे गड्ढे में कार गिरने से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई थी। उस मामले के बाद भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। अब सेक्टर-70 की घटना ने एक बार फिर लापरवाही को उजागर कर दिया है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि खुले नालों को जल्द से जल्द ढका जाए और वहां सुरक्षा घेराबंदी की जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।









