कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी ने पति को कीटनाशक पिलाकर की हत्या

कोरबा में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर लकवाग्रस्त पति को कीटनाशक पिलाकर मार डाला। कॉल डिटेल से साजिश उजागर, पत्नी जेल, प्रेमी गिरफ्तार।

कोरबा में पत्नी ने लकवाग्रस्त पति को कीटनाशक पिलाकर हत्या कर दी। महिला का दुर्ग निवासी युवक से प्रेम संबंध था। कॉल डिटेल से साजिश उजागर हुई। पत्नी जेल भेजी गई, प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Chhattisgarh: दर्री थाना क्षेत्र के आशा नगर लाटा में रहने वाले अरुण सिंह (38) की मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। अरुण डेढ़ साल पहले लकवे का शिकार हो गया था, जिसके बाद वह पूरी तरह बिस्तर पर निर्भर हो गया था। चलने-फिरने में असमर्थ अरुण टीबी जैसी गंभीर बीमारी से भी जूझ रहा था।

उसकी देखभाल की जिम्मेदारी पत्नी बंटी देवी (35) पर थी। परिवार के अन्य सदस्य भी समय-समय पर आर्थिक मदद कर रहे थे। बाहर से यह परिवार सामान्य दिखता था, लेकिन अंदर ही अंदर हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे थे।

कीटनाशक पिलाकर की हत्या

27 जनवरी की शाम बंटी देवी ने अपने बेटे को यह कहकर कीटनाशक मंगवाया कि फूलों में छिड़काव करना है। बाद में उसी कीटनाशक को पानी में मिलाकर उसने अपने पति अरुण को पिला दिया। इस दौरान घर में मौजूद बेटी ने मां को पानी में कुछ मिलाते हुए देख लिया। उसने तुरंत अपने बड़े भाई, जो कि 13 साल का है, को इसकी जानकारी दी। बच्चों ने घर में रखी कीटनाशक की बोतल देखी, जो पूरी तरह खाली थी।

कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात, पत्नी ने पति को कीटनाशक पिलाकर की हत्या

जब अरुण की हालत बिगड़ने लगी, तो पत्नी ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय टालमटोल करती रही। पूरी रात अरुण की तबीयत गंभीर बनी रही। 28 जनवरी की सुबह उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 30 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

बच्चों की जानकारी से खुला राज

अरुण की मौत के बाद बच्चों ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने बंटी देवी को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर पत्नी ने अपने पति को कीटनाशक पिलाकर मारने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस को बेटे के बयान से यह भी पता चला कि उसकी मां अक्सर मोबाइल पर किसी से लंबी बातचीत किया करती थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाली।

प्रेमी के साथ मिलकर रची गई साजिश

जांच में सामने आया कि बंटी देवी की पहचान सोशल मीडिया के जरिए दुर्ग निवासी शमशेर (38) से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। दोनों मोबाइल पर लगातार बातचीत करते थे और साथ मिलकर नई जिंदगी शुरू करने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पति अरुण उनके रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट बन गया। 

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि पति को रास्ते से हटाने की साजिश में शमशेर भी शामिल था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड से दोनों के लगातार संपर्क में रहने की पुष्टि हुई। पुलिस ने पहले आरोपी पत्नी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद शमशेर को दुर्ग से गिरफ्तार कर सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment