CCTV में कैद खौफनाक हादसा, गाजियाबाद में तेज रफ्तार कार ने माँ और बच्ची को रौंदा

गाजियाबाद के विजयनगर में तेज रफ्तार कार ने महिला और उसकी 6 साल की बच्ची को रौंद दिया। महिला 50 मीटर तक बोनट पर घसीटी गई, बच्ची गंभीर।

गाजियाबाद में तेज रफ्तार कार ने महिला और उसकी बच्ची को रौंद दिया। महिला 50 मीटर तक बोनट पर घसीटी गई, पैर टूट गया। बच्ची गंभीर है। हादसा CCTV में कैद हुआ, चालक हिरासत में है।

Uttar pradesh: यह हादसा विजयनगर थाना क्षेत्र के सैन चौक पर हुआ। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई देता है कि मान सरोवर पार्क निवासी महिला मुस्कान अपनी 6 साल की बेटी वैष्णवी के साथ घर से बाहर निकलती है। कुछ दूरी पर जाने के बाद वह रुकती है और फिर वापस घर की ओर मुड़ने लगती है।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े एक बाइक सवार को टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो जाती है और सीधे सड़क पर चल रही महिला और उसकी बच्ची की ओर बढ़ जाती है।

महिला 50 मीटर तक कार के बोनट पर घसीटी गई

बेकाबू कार ने पहले महिला को टक्कर मारी, जिससे वह उछलकर कार के बोनट पर गिर गई। इसके बाद कार रुकी नहीं और महिला करीब 50 मीटर तक बोनट पर लटकी रही। अंत में वह सड़क पर गिर पड़ी।

इस दर्दनाक हादसे में महिला के बाएं पैर की हड्डी टूट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

बच्ची की हालत गंभीर

CCTV में कैद खौफनाक हादसा, गाजियाबाद में तेज रफ्तार कार ने माँ और बच्ची को रौंदा

हादसे में महिला की 6 वर्षीय बेटी वैष्णवी भी कार की टक्कर में घायल हो गई। बच्ची को गंभीर सिर की चोट आई, पहले आस्था अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया।

इस दौरान सड़क पर मौजूद एक 8 साल का बच्चा भी हादसे की जद में आने से बाल-बाल बच गया। अनियंत्रित कार ने आगे बढ़ते हुए एक स्कूटी समेत तीन अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। अंत में कार सामने से आ रही एक बलेनो कार से जा भिड़ी।

लगातार टक्करों के कारण सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

CCTV से पहचान

घटना की सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी घटना कैद मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान कर उसे कब्जे में ले लिया। कार चालक की पहचान विजयनगर निवासी ध्रुव शर्मा के रूप में हुई है। 

पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाना हादसे की मुख्य वजह लग रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment